बरेली। आलमगिरीगंज में सड़क बनाने के लिए नगर निगम की टीम अतिक्रमण हटाने पहुंची। इस दौरान एक व्यापारी ने कहा कि एक ओर से अतिक्रमण चिह्नित कर निशान लगा दिए जाएं। इस पर व्यापारी और नेता जी के चचेरे भाई के बीच विवाद हो गया। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने मामला शांत कराया। इसके बाद निगम की टीम ने करीब 50 दुकानों के बाहर निकले चबूतरे चिह्नित किए।
नगर निगम से आलमगिरीगंज में खंडसारीनाथ मंदिर से भोलानाथ मंदिर तक सड़क स्वीकृत हुई है। मगर दुकानों के बाहर निकले चबूतरे, शटर आदि के कारण काम शुरू नहीं हो पा रहा। बृहस्पतिवार को क्षेत्रीय पार्षद मुकेश सिंघल ने शिकायत की तो नगर आयुक्त राजेश श्रीवास्तव ने तत्काल अतिक्रमण दस्ते को मौके पर भेज दिया। टीम वहां पहुंची तो कुछ व्यापारी विरोध करने लगे। नेता जी के चचेरे भाई उमानाथ अग्रवाल की दुकान के बाहर भी अतिक्रमण था। इसी बीच व्यापारी चिम्मन अग्रवाल ने कहा कि एक तरफ से अतिक्रमण को चिह्नित कर निशान लगाए जाएं। सभी की नालियों पर पड़े स्लैब तोड़े जाएं। इस पर चिम्मन अग्रवाल और उमानाथ अग्रवाल में विवाद होने लगा। हंगामा काफी बढ़ गया और गाली-गलौज होने लगा। मारपीट की नौबत आई तो उमानाथ अग्रवाल की सूचना पर कोतवाली पुलिस भी पहुंच गई। इसके बाद दोनों पक्षों को समझाकर मामला रफा-दफा कराया गया। इसके बाद निरीक्षण कर 50 से अधिक दुकानों का अतिक्रमण चिह्नित किया गया। इसमें किसी की दुकान का पिलर तो किसी की दुकान का स्लैब अतिक्रमण की जद में आया। शुक्रवार या शनिवार को अभियान चलाकर इन्हें तोड़ा जाएगा।