वाशिंग लाइन में फंसी त्रिवेणी एक्सप्रेस दो घंटे देर से चली
ट्रेनें लेट हुई तो वाशिंग लाइन पहुंचे एडीआरएम
बरेली। त्रिवेणी एक्सप्रेस जंक्शन से दो घंटे देरी से चली तो यात्रियों का धैर्य जवाब दे गया। उन्होंने जमकर हंगामा किया। हंगामे का देखते हुए दोपहर 1:50 पर ट्रेन जंक्शन पर पहुंची और दो बजे चल दी। आपाधापी में ट्रेन चलाने से कई यात्रियों की ट्रेन छूट गई। इसके अलावा लखनऊ और दिल्ली रूट की अनेक ट्रेनें घंटों लेट रहीं। सुबह 4:35 बजे वाली इंटरसिटी 5:10 और छह बजे चलने वाली आला हजरत दो घंटे देरी से जंक्शन से रवाना हुई। जंक्शन पर आरोप प्रत्यारोप का दौर चला तो मुरादाबाद से एडीआरएम शरद श्रीवास्तव ने जंक्शन पहुंचकर वाशिंग लाइन का जायजा लिया।
जंक्शन पर शंटिंग स्टाफ की कमी चल रही है। एक शिफ्ट में छह कर्मचारियों की जरूरत है, लेकिन तीन से ही काम चलाया जा रहा है। जंक्शन से 18 जोड़ी ट्रेनों का वाशिंग लाइन में मेंटीनेंस होता है। बुधवार तड़के से ट्रेनों के मेंटीनेंस होने का सिलसिला शुरू हुआ जो रात तक चलता रहा। इससे इंटरसिटी एक्सप्रेस 35 मिनट, आला हजरत और त्रिवेणी एक्सप्रेस दो घंटे और इंदौर एक्सप्रेस करीब आधा घंटा देरी से जंक्शन से चलीं। बताया जाता है कि वाशिंग लाइन में रात से ट्रेनें लग गईं थी। एक ट्रेन के मेंटीनेंस में छह घंटे लगते हैं। जंक्शन पर लोग त्रिवेणी एक्सप्रेस का इंतजार कर रहे थे। इंक्वायरी बाबू भी सही स्थिति नहीं बता सके तो यात्री बवाल करने लगे। इस बीच 1:50 पर त्रिवेणी एक्सप्रेस जंक्शन पहुंची और दो बजे चल दी। इससे कई यात्रियों की ट्रेनें छूट गईं। रात में एडीआरएम शरद श्रीवास्तव भी पहुंचे। वह काफी देर तक वाशिंग लाइन पर रहे।
घंटाें लेट हुई ट्रेनें, यात्री रहे परेशान
बुधवार को गुवाहाटी एक्सप्रेस आठ, फरक्का दस, उपासना पांच, जननायक आठ, पंजाबमेल 19, सरयू यमुन्रा 21 लोहित 17, गरीब नवाज आठ, बाघ एक्सप्रेस 11 डिब्रूगढ़ 12, जनसाधारण आठ और जनसेवा एक्सप्रेस 16 घंटे देरी से जंक्शन पहुंचीं।