जिला अस्पताल में मच्छरों की भरमार देख भड़के सीडीओ
अस्पताल कैंपस में सीएमओ दफ्तर के सामने भरा था पानी
सीडीओ ने फटकारा तो सफाई में जुटे कर्मचारी
अमर उजाला ब्यूरो
बरेली। जिला अस्पताल में कंधे के दर्द का इलाज कराने गए सीडीओ वहां पानी भरा देख भड़क गए। पानी में मच्छरों और लार्वा की भरमार देख सीडीओ ने सीएमओ को तत्काल सफाई कराने और एंटी लार्वा स्प्रे कराने का आदेश दिया। सीडीओ के तेवर देख सफाई कर्मचारी तुरंत ही सफाई में जुट गए।
सीडीओ सत्येंद्र सिंह गुरुवार को 10:45 बजे कंधे के दर्द का इलाज कराने के लिए जिला अस्पताल पहुंचे। सीएमओ ऑफिस के सामने कार से उतरने पर उनकी नजर सामने भरे पानी पर पड़ी तो वह ठिठक गए। पानी में मच्छरों की भरमार थी। लार्वा भी पनप रहा था। यह देख सीडीओ का पारा चढ़ गया। उन्होंने पास खड़े कर्मचारियों को हड़काना शुरू किया तो सीएमओ डॉ. विनीत शुक्ला भी ऑफिस से बाहर निकल आए। उन्होंने तुरंत ही सफाई कराने के आदेश दिए। इसके बाद दो सफाई कर्मचारी झाड़ू लेकर सफाई में जुट गए। सीएमओ ने सीडीओ को बताया कि जिले में फिलहाल डेंगू का कोई रोगी नहीं मिला है। एंटी लार्वा स्प्रे भी कराया जा रहा है। पानी भरने के सवाल पर कहा कि नाला चोक होने से पानी भर गया है, जल्द नाले की सफाई करा दी जाएगी।