बरेली। एफआर इस्लामिया में कॉलेज की प्रबंध समिति के आपसी विवाद का खामियाजा शिक्षकों और कर्मचारियों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने मामले पर आपत्ति जताई है और जल्द वेतन भुगतान किए जाने की मांग की है। सनद रहे कि कमेटी मेंबर्स के बीच पिछले करीब दो माह से तकरार चल रही है, जिस पर अब तक कोई ठोस निर्णय न होने से वेतन भुगतान नहीं हो सका है, जिसका प्रभाव विद्यार्थियों की पढ़ाई पर पड़ने की संभावना जताई जा रही है।
मामले पर कॉलेज के प्रिंसिपल जावेद खालिद ने बताया कि करीब दो माह पहले उन्हें कार्यवाहक प्रिंसिपल कमेटी ने नियुक्त किया था, जिसके बाद नियमानुसार उनके हस्ताक्षर डीआईओएस ने अटैच किए। आरोप है कि कमेटी मनमुताबिक कार्य कराना चाहती है इसलिए उसने बैठक कर जबरन मोहम्मद इस्माइल खां को कार्यवाहक प्रिंसिपल बनाने की घोषणा कर दी, लेकिन उनका हस्ताक्षर अटैच न होने से वेतन भुगतान नहीं हो पा रहा है।
दूसरी ओर प्रबंध कमेटी के इसरार अहमद का कहना है कि जावेद खालिद ने फर्जी तरीके से अपने हस्ताक्षर अटैच कराए हैं और प्रबंध कमेटी के निर्णय को भी धता रहे हैं। नियमानुसार उन्हें पद त्याग कर नवनियुक्त कार्यवाहक प्रिंसिपल को पद भार सौंप देना चाहिए, जिसके लिए वे सहमति नहीं दे रहे हैं, जिसकी वजह से समस्या का निस्तारण नहीं हो पा रहा है। सूत्रों के मुताबिक कॉलेज में करीब सौ से अधिक शिक्षक और कर्मचारी कार्यरत हैं। विवाद के चलते किसी का भी वेतन दो माह से जारी नहीं हो सका है।