बरेली। बदलते मौसम के साथ लगातार स्वाइन फ्लू के संदिग्ध मरीज सामने आ रहे हैं। जिला अस्पताल में बृहस्पतिवार को भी तीन नए संदिग्ध मरीजों के सैंपल लिए गए। डॉक्टरों के मुताबिक अब तक आए संदिग्ध मरीजों में से ज्यादातर कुछ ही दिन पहले दूसरे शहरों से लौटे हैं। मुमकिन है कि यह लोग वहीं वायरस से प्रभावित हुए हों। मौसम बदलने के चलते अस्पताल में सांस और दिल की बीमारी के मरीज भी बढ़े हैं।
बड़े बाजार में नीम की चढ़ाई के पास रहने वाले एक व्यापारी बृहस्पतिवार को अपने एक साल के बेटे को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। उन्होंने बताया कि बेटा पिछले करीब दस दिन से बीमार है। जिला अस्पताल में दिखाने पहुंचे तो बेटे में स्वाइन फ्लू के लक्षणों का पता चला। बच्चे का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया है। बड़े बाजार निवासी एक और युवक का भी सैंपल लिया गया। सिविल लाइंस निवासी एक व्यापारी में भी स्वाइन फ्लू के लक्षण नजर आने पर उनका सैंपल लिया गया। उन्होंने बताया कि वह कुछ ही दिन पहले कई शहरों से घूमकर लौटे हैं। तीनों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। डॉक्टर ने बताया कि बदलते मौसम के चलते सीने में दर्द, सांस उखड़ने और बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ गई है।