‘दो प्रतिशत वेतन बढ़ोतरी को
बर्दाश्त नहीं करेंगे बैंक कर्मी’
- बैंक कर्मचारी- नहीं करेंगे समझौता, चाहे जितनी लड़ाई लड़नी पड़े
अमर उजाला ब्यूरो
बरेली।
यूनाईटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन के तत्वावधान में बैंक कर्मचारियों ने प्रदर्शन कर यह मांग दोहराई कि इंडियन बैंक एसोसिएशन का दो प्रतिशत वेतन बढ़ोतरी का ऑफर बैंक अधिकारी किसी भी हालत में मंजूर नहीं करेंगे। इसके विरोध में बैंक कर्मचारियों ने बड़ी लड़ाई लड़ने का भी पूरा मूड बना लिया है।
प्रभा सिनेमाहाल के पास पीएनबी की शाखा में एकत्र हुए बैंक कर्मचारियों ने नारेबाजी की। इस मौके पर यूनाईटेड फोरम के जिला संयोजक दिनेश सक्सेना ने कहा कि आईबीए के रवैये से बैंक के अधिकारी और कर्मचारी क्षुब्ध हैं। अधिकारी संघ के ओपी बडेरा ने कहा कि आईबीए के दो फीसद वेतन बढ़ोतरी का ऑफर ठीक नहीं है। इससे आने वाले समय में बैंक कर्मचारियों का आंदोलन रोका नहीं जा सकता। यूपीबीईयू के सहायक महामंत्री संजीव मेहरोत्रा ने कहा कि सरकार एक ओर पूंजीपतियों के बड़े लोन खत्म कर रही है, जबकि अच्छा काम कर रहे बैंक कर्मियों के बारे में कुछ नहीं सोचा जा रहा। अध्यक्ष सुनील मित्तल ने कहा कि कर्मचारी हर लड़ाई लड़ने को तैयार हैं। इस मौके पर अरविंद रस्तोगी, पीके माहेश्वरी, पंकज शर्मा, अजित माथुर, पीपी सिंह, अनुराग, संजय मेहरा, अरुण कुमार आदि ने संबोधित किया।