हाईवे पर चलती कार में लगी आग
फतेहगंज पश्चिमी इलाके में शनिवार दोपहर नेशनल हाईवे पर एक कार में अचानक आग लग गई, जिसमें बैठा परिवार बाल-बाल बच गया। जानकारी के अनुसार संभल के सिरसी निवासी नदीम असगर अपनी पत्नी चांदवी व एक साल के बेटे को लेकर सेंथल में शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। जब नदीम असगर कार लेकर पिपरिया मोड़ पर पहुंचे तो उसकी कार में अचानक आग लग गई। धुआं निकलता देख नदीम ने कार सड़क किनारे रोकी और आनन-फानन खिड़की खोलकर पत्नी-बच्चे को उतार लिया।
कार में लगी आग देखकर आसपास खेतों में काम कर रहे लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और किसी तरह डिग्गी खोलकर सामान बाहर निकाला, तब तक आग बहुत तेजी से भड़क गई थी। सूचना पर फायर ब्रिगेड व फतेहगंज पश्चिमी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आग बुझाई लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल गई थी। थानाध्यक्ष फतेहगंज पश्चिमी प्रयागराज सिंह ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। कार में बैठा परिवार पूरी तरह सुरक्षित है।