बरेली। नलकूप खंड द्वितीय के बरेली डिविजनल ऑफिस से फरवरी में जारी हुई 176 नलकूप चालकों की वरिष्ठता सूची को विभागीय अफसर और बाबू सोमवार तक दाबे बैठे रहे। पीलीभीत सब डिविजन के 64 नलकूप चालकों में से 18 ने अधिशासी अभियंता को शिकायत भेजकर इस सूची में गड़बड़ी किए जाने की आशंका जताई। इधर, मंगलवार को ‘अमर उजाला’ में यह खबर प्रकाशित होने के बाद विभागीय अधिकारी और बाबू हरकत में आए। तीन माह पहले जारी यह वरिष्ठता सूची आनन-फानन में बरेली कार्यालय से मंगलवार सुबह पीलीभीत उपखंड कार्यालय न सिर्फ पहुंच गई, बल्कि वहां चस्पा भी कर दी गई।
बताते चलें कि बरेली डिवीजन के नलकूप खंड द्वितीय में 176 नलकूप चालक हैं। पीलीभीत उपखंड में सींच पर्यवेक्षक के पांच पद रिक्त हैं जिन्हें नलकूप चालकों के प्रमोशन से भरा जाना है। बरेली डिविजन कार्यालय से इसके लिए फरवरी में वरिष्ठता सूची जारी की गई थी, लेकिन सूची सोमवार तक पीलीभीत उपखंड कार्यालय नहीं पहुंची। कई नलकूप चालकों ने संयुक्त रूप से एक्सईएन को संबोधित एक पत्र पीलीभीत कार्यालय में रिसीव कराया। जिसमें आरोप लगाया गया कि विभाग के बाबू सूची में गड़बड़ी करना चाहते हैं, इसलिए इसे दबा लिया गया है ताकि कोई आपत्ति न कर सके । नलकूप चालकों की इस पीड़ा को ‘अमर उजाला’ ने अपने सात मई के अंक में प्रकाशित किया। इसके बाद आनन-फानन में तीन माह से दबाए रखी गई सूची बरेली कार्यालय से न सिर्फ पीलीभीत पहुंच गई, बल्कि वहां नोटिस बोर्ड पर चस्पा भी कर दी गई।