लखीमपुर खीरी। पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि गन्ने का भुगतान न होने से किसान पाई पाई को मोहताज हो रहा है। शादी ब्याह के कार्यक्रमों में पैसे की कमी के कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भाजपा सरकार को चीनी मिलों ने खरीद लिया है जिसके कारण किसानों को गन्ने का भुगतान चीनी मिलें नहीं दे रही हैं और सरकार मौन धारण किए हुए है। जितिन प्रसाद धौरहरा विधानसभा क्षेत्र के रंजीतगंज गांव में सभा को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में किसानों को जितने संकट से गुजरना पड़ रहा है आजादी के बाद आज तक इतना संकट किसानों ने कभी नही झेला हैै। कहा किसानों को दिसंबर माह से गन्ने का भुगतान नहीं हुआ है। किसानों का गन्ना मिल लेकर अपना व्यवसाय बढ़ा रही है और किसान एक-एक पैसे के लिए तरस रहा है। कहा भाजपा सरकार ने चुनाव से पहले किसानों के सामने बड़े बड़े वादे किए थे। सरकार बनने के बाद सब भूल गई।
जितिन प्रसाद ने कहा वास्तव मे भाजपा सरकार बड़े पूजीपतियों की सरकार है उसे गरीबों और किसानों से कोई मतलब नहीं है। जितिन प्रसाद ने करीब एक दर्जन गांवों में सभाओं को संबोधित किया। इस दौरान उनके साथ उत्तम राजपूत, कमलेश मिश्रा, पप्पू वर्मा, जमाल अहमद, रामेंद्र शुक्ला, सर्वेश राजपूत, डॉ. मुबारक, श्रीधर चौधरी, आजाद दुलही आदि मौजूद रहे।