अब पुलिस कर्मियों को मिलेगा दसवें दिन अवकाश
त्योहार, जुलूस और शांति व्यवस्था पर नहीं होगा स्वीकृत
बदायूं में भी एक फरवरी से लागू की गई व्यवस्था
अमर उजाला ब्यूरो
बदायूं। प्रदेश सरकार और पुलिस विभाग के सफल प्रयास के बाद सुरक्षा व्यवस्था में लगे पुलिस कर्मियों को राहत मिली है। अब प्रत्येक पुलिस कर्मी को दसवें दिन अवकाश मिल सकेगा, जिसमें वे अपने घरेलू कामकाज भी निपटा सकेंगे। जिले में यह व्यवस्था एक फरवरी से लागू की गई है।
एसएसपी अशोक कुमार ने बताया कि बिना किसी साप्ताहिक अवकाश के पुलिस कर्मी रोजाना आठ घंटे से अधिक ड्यूटी करते हैं। इसके अधिकतर पुलिस कर्मी मानसिक परेशानियों में घिर जाते हैं और अनिद्रा व एसिडिटी जैसी बीमारियों के शिकार हो जाते हैं। इनके अलावा अन्य समस्याओं के चलते उनका जनता से बेहतर संवाद नहीं हो पाता। उन्होंने कहा कि इसका खुलासा एक रिसर्च से हुआ है। इस वजह से एक फरवरी से जिले में हर पुलिस कर्मी को दसवें दिन अवकाश मिलेगा।
---------------------
यह होंगी शर्तें
. मोबाइल चालू रहेगा, आवश्यकता पर तत्काल पहुंचेंगे।
. अवकाश सुबह आठ बजे गणना के बाद शुरू होगा, अगले दिन आठ बजे तक रहेगा।
. जीडी में तस्करा इंद्राज होगा, नोटिस बोर्ड पर सूची चस्पा होगी, रजिस्टर में नोट होगा
. त्योहार, जुलूस, शांति व्यवस्था या किसी महत्वपूर्ण घटना पर मान्य नहीं होगा।
. लौटने पर 10 दिन ड्यूटी के उपरांत ही मिलेगा अवकाश।
. लौटने सुबह आठ बजे ड्यूटी ज्वाइन करनी होगी