रंग-गुलाल की वर्षा के बीच निकली नृसिंह भगवान की झांकी
बरेली। श्री ब्रह्मपुरी में चल रही होली वाली रामलीला के आठवें दिन शुक्रवार को भगवान नृसिंह की शोभायात्रा निकाली गई। श्री रामलीला सभा के महामंत्री राधाकृष्ण शार्म प्रह्लाद और कोषाध्यक्ष अविनाश शंखधार ने झंडी दिखाकर शोभायात्रा को रवाना किया। शोभायात्रा नृसिंह मंदिर से मलूकपुर, बिहारीपुर ढाल, कुतुबखाना, कूंचा सीताराम, कन्हैया टोला होते हुए लीला स्थल पर संपन्न हुई। इस दौरान भक्त गाते बजाते और एक दूसरे से रंग गुलाल खेलते हुए चल रहे थे। इस दौरान कई जगह शोभायात्रा का स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं ने आरती उतारी।
कैकेई कोप भवन में, राम को वनवास
बरेली। ब्रह्मपुरी में चल रही होली वाली रामलीला में नवें दिन कैकेई-दशरथ संवाद और राम वनवास की लीला का मंचन किया गया। अयोध्या की मंडली के कलाकारों ने दशरथ-कैकेई संवाद की लीला के मंचन में दिखाया कि किस तरह से राजा दशरथ ने रानी कैकेई को दिए वचनों को निभाया। वह अपना वचन निभाने से नहीं डिगे, भले ही उनके प्राण चले गए। अपनी आंखों के तारे पुत्र राम को वनवास जाने का आदेश दिया। इस दौरान दर्शक भावुक हो गए। देर रात तक चले मंचन में मुनीश शर्मा, राधाकृष्ण प्रह्लाद, सभासद सर्वेश रस्तोगी, इंद्रदेव त्रिवेदी, अमित अरोड़ा, डॉ. आशीष रस्तोगी, सचिन मेहरा, सभासद अतुल कपूर, जनार्दन आचार्य आदि ने सहयोग किया।