नवाबगंज। छेड़खानी के आरोपी की मौत के बाद उसके परिजनों ने ग्राम पंचायत सचिव समेत छह लोगों के खिलाफ मारपीट व 50 हजार रुपये रंगदारी मांगने का आरोप लगाकर थाना नवाबगंज में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कस्बे से सटे एक गांव निवासी छात्रा से आरिश ने ब्लाॅक कार्यालय के पास तीन दिन पहले सरेराह छेड़खानी कर दी। आरोप है कि शक के आधार पर ब्लाॅक परिसर में खड़े ग्राम पंचायत सचिव भगवत सरन गंगवार, शैलेंद्र गंगवार, राजेश कश्यप उर्फ बबलू, यशपाल, किसान नेता खेमकरन ने युवक की जाति पूछकर मारपीट कर उसे घायल कर दिया। आरोप है कि आरोपियों ने छात्रा के भाई को बुलाकर आरोपी को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया। साथ ही आरोपियों ने पीड़ित के पिता से पांच हजार रुपये हड़प लिए, साथ ही उन्होंने सीओ और कोतवाल को मिठाई भेजने के नाम 50 हजार रुपये की रंगदारी मांगने लगे। असमर्थता जताने पर उनको डराने लगे।
इससे आहत होकर छेड़खानी के आरोपी आरिश ने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे महानगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने यह आरोप लगाते हुए आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। संवाद