बरेली। इंजीनियरिंग की सबसे बड़ी प्रवेश परीक्षा ज्वाइंट एंट्रेस एग्जामिनेशन 2026 (जेईई-मेन) का द्वितीय सत्र दो अप्रैल से शुरू होने जा रहा है। इसकी प्रवेश परीक्षा का आयोजन नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) की ओर से कराया जाएगा। परीक्षा में कुल 4853 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। दो अप्रैल से आठ अप्रैल तक कंप्यूटर बेस्ड इस परीक्षा का आयोजन श्री सिद्धी विनायक इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी स्थित टीसीएस केंद्र पर दो पालियों में होगा।
प्रथम पाली सुबह नौ से 12 के बीच होगी, द्वितीय पाली दोपहर तीन बजे से शाम तीन बजे तक चलेगी। एजेंसी से मिली जानकारी के अनुसार दो अप्रैल को प्रथम पाली में 507 अभ्यर्थी तो वहीं दूसरी पाली में 453 अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचेंगे। इसके बाद चार अप्रैल को परीक्षा होगी, इस दिन प्रथम पाली में 518 और द्वितीय पाली में 468 छात्र परीक्षा देंगे। वहीं पांच अप्रैल को 502 छात्र प्रथम पाली तो वहीं 465 छात्र द्वितीय पाली में परीक्षा देंगे। इसके अलावा छह अप्रैल को प्रथम पाली में 598 छात्र व द्वितीय पाली में भी 598 छात्र परीक्षा देने पहुंचेगे। वहीं, सात व आठ अप्रैल को मात्र द्वितीय पाली में ही परीक्षा होगी। इसमें सात अप्रैल को द्वितीय पाली में 146 और आठ अप्रैल को द्वितीय पाली में 598 परीक्षा देंगे।