29वीं अंतर वाहिनी पीएसी पश्चिमी जोन फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन बृहस्पतिवार को 8वीं वाहिनी पीएसी बरेली के खेल मैदान पर संपन्न हुआ। 43वीं वाहिनी पीएसी एटा ने खिताबी जीत हासिल की।
सुबह प्रतियोगिता में तीसरे स्थान के लिए मुकाबला 8वीं वाहिनी पीएसी बरेली और 28वीं वाहिनी इटावा के बीच खेला गया। इस कड़े संघर्ष में बरेली की टीम ने दबदबा बनाए रखा। टीम की ओर से विक्रांत चौधरी ने निर्णायक एक गोल दागकर अपनी टीम को 1-0 से बढ़त दिलाई, जो अंत तक बरकरार रही और बरेली ने प्रतियोगिता में तीसरा स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता का फाइनल मैच 43वीं वाहिनी पीएसी एटा और 24वीं वाहिनी पीएसी मुरादाबाद के बीच खेला गया। इस रोमांचक मैच का शुभारंभ 8वीं वाहिनी पीएसी बरेली के उपसेनानायक राजेश कुमार सोनकर की उपस्थिति में हुआ। मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमें आक्रामक दिखीं, लेकिन एटा के आरक्षी सर्वेश आनंद ने बेहतरीन फील्डिंग करतेे हुए एक गोल कर अपनी टीम को बढ़त दिला दी। मुरादाबाद की टीम ने वापसी की काफी कोशिश की, लेकिन अंततः 43वीं वाहिनी पीएसी एटा ने 1-0 से मैच जीतकर चल वैजयंती (चैंपियंस ट्रॉफी) पर कब्जा जमाया।
समापन समारोह के दौरान पश्चिमी जोन के ध्वज को ससम्मान मुख्य अतिथि को सौंपा गया और प्रतियोगिता के विधिवत समापन की घोषणा की गई। इस अवसर पर सूबेदार सैन्य सहायक अनुज पंवार, दलनायक चंद्रशेखर शर्मा, सहायक शिविरपाल विनीत कुमार सहित वाहिनी अस्पताल का स्टाफ और अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।