बरेली। आचार संहिता लागू होने के बाद होर्डिंग, बैनर और पोस्टर हटने शुरू हो गए हैं। अब वॉल पेंटिंग और सरकारी व निजी भवनों पर लगी प्रचार सामग्री को भी हटाए जाने के लिए शिकंजा कसा जा रहा है। डीएम ने यह आदेश दिए हैं कि इन्हें जल्द से जल्द हटा दिया जाए, नहीं तो इस मामलों में एफआईआर दर्ज कराए जाने की कार्रवाई होगी।
चुनाव तैयारियों को लेकर कलक्ट्रेट सभागार में डीएम वीरेंद्र कुमार ने राजनीतिक दलों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दल आदर्श आचार संहिता का अनुपालन करते हुए प्रचार सामग्री जैसे होर्डिंग, पोस्टर, वॉल पेंटिंग आदि मंगलवार शाम तक हटवा लें। इसके बाद इस प्रचार सामग्री का खर्चा संबंधित पार्टी के खर्च के खाते में जुड़ जाएगा। उन्होंने कहा कि जहां पर वॉल पेंटिंग की गई है, उसे तत्काल पुतवा दें।
एसएसपी मुनिराज ने कहा कि जहां-जहां पर सरकारी व प्राइवेट बिल्डिंग में प्रचार सामग्री लगी है, उसे तत्काल हटवा लें। नहीं तो एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई होगी। बिना परमीशन के कोई भी रैली, जुलूस या मीटिंग भी नहीं हो सकेगी।। उन्होंने कहा कि आगामी त्योहारों पर कोई ऐसा कार्य न करें, जिससे आचार संहिता का उल्लंघन हो। डीएम ने बताया कि एसीआई कंपनी की ईवीएम आ गई है। ईवीएम के साथ वीवीपैट मशीन भी आ गई हैं। इन मशीनों को परसाखेड़ा में बने सरकारी गोदाम में रखा जाएगा। इस अवसर पर डीएम प्रशासन रामसेवक द्विवेदी के साथ ही विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।