दीपावली पर घर जाने वाले परेशान हैं। छह नवंबर तक ज्यादातर ट्रेेनों में नो रूम की स्थिति है। वहीं दूसरी ओर लोग ब्लाक से भी परेशान हैं कि पता नहीं कौन सी, कब और किस स्टेशन पर रोक दी जाए, कुछ पता नहीं।
दिवाली पर घर जाने के लिए लोगों ने दो महीने पहले से ही रिजर्वेशन करवा लिया था। अब जो लोग रिजर्वेशन कराना चाह रहे हैं, दिवाली के दिनों में उन्हें नो रूम की स्थिति मिल रही है। लखनऊ की ओर जाने वाली पद्मावत, नौचंदी, जनता, दून, हरिहर, किसान, सियालदह, गुवाहाटी, अमरनाथ एक्सप्रेस, लखनऊ मेल और लखनऊ सुपरफास्ट एक्सप्रेस में रिजर्वेशन नहीं हैं। वहीं छह नवंबर और उसके आसपास की तिथियों में दिल्ली जाने वाली ट्रेनों में अभी भी सीटें खाली हैं।
ब्लाक को लेकर चिंता
तीन से पांच नवंबर तक का ब्लाक भी यात्रियों के लिए सिरदर्द से कम नहीं है। फरवरी से चल रहे ब्लाक के कारण अब यात्री भी परेशान हो गए हैं। उनका कहना है किस स्टेशन पर अचानक रुकना पड़ जाए, पता नहीं रहता है।
बिलपुर स्टेशन पर स्टोन पैकिंग जारी, लगा जाम
बरेली/फतेहगंज पूर्वी। बिलपुर स्टेशन पर अप मेन लाइन के स्लीपर की स्टोन पैकिंग तीसरे दिन भी जारी रही। इंजीनियरिंग विभाग ने बिना सूचना दिए ही शाम चार से छह बजे तक ट्रेनों का संचालन रोककर ब्लाक ले लिया। इससे हाईवे पर काफी देर तक जाम लगा रहा। इस दौरान पीआरटी मशीन ने स्लीपर के नीचे स्टोन पैकिंग का कार्य किया।