बेनतीजा रही पर्सनल लॉ बोर्ड जदीद की बैठक
शहर के लोगों को रही उत्सुकता, फोन पर लेते रहे जानकारी
बरेली। लखनऊ में हुई आल इंडिया पर्सनल लॉ बोर्ड जदीद की बैठक बेनतीजा रही। दूसरे प्रांतों के उलमा और दानिशवरों के न जुट पाने की वजह से कोई निर्णय नहीं लिया जा सका। अगली बैठक अब दिल्ली में हो सकती है। इसकी तारीख अभी तय नहीं है।
आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रविशंकर के बरेली में आईएमसी मुखिया मौलाना तौकीर रजा खां से मुलाकात के बाद आल इंडिया पर्सनल लॉ बोर्ड जदीद की बैठक करने का फैसला लिया गया था। इसमें अयोध्या मसले को अदालत से बाहर बातचीत से हल करने के श्री श्री के फार्मूले पर चर्चा होनी थी। तीन तलाक और मुस्लिमों की समस्याओं को भी बैठक में रखा जाना था। बुधवार को मुफ्ती मोहम्मद आजम की अध्यक्षता में संपन्न हुई बैठक में उत्तर प्रदेश के अलावा कुछ आसपास प्रांतों के उलमा ही पहुंच सके थे। बाकी प्रांतों के उलमा बैठक में नहीं जुटे।
प्रवक्ता डॉ. नफीस खां ने फोन पर बताया कि यह बैठक बहुत कम समय में बुलाई गई थी, इसलिए काफी लोग ट्रेनों में आरक्षण न मिल पाने के कारण नहीं पहुंच सके। लिहाजा यह तय किया गया कि चूंकि यह मामला पूरे देश से जुड़ा है सो हर प्रांत के उलमा और दानिशवरों का मौजूद होना जरूरी है। तभी कोई फैसला लेना मुनासिब रहेगा। अगली बैठक कुछ समय और लेकर रमजान से पहले दिल्ली में आयोजित की जाएगी। इधर, शहर के तमाम लोग यह जानने को उत्सुक रहे कि बोर्ड की बैठक में क्या फैसला हुआ। इसके लिए लोग फोन पर जानकारी लेने में लगे रहे। वहीं मौलाना शहाबुद्दीन रजवी का कहना है कि वह दो दिनों से बीमार होने के कारण बैठक में नहीं पहुंच सके।