बरेली। लोकसभा चुनाव में आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की गंभीर शिकायतें प्रशासन के पास पहुंची हैं। बजरंग दल के एक पदाधिकारी ने एक पुलिस अफसर के व्हाट्सएप ग्रुप पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी का समर्थन करने वाली पोस्ट डालने की शिकायत की है तो एक वकील ने सदर तहसील के दो संग्रह अमीनों पर सपा-बसपा गठबंधन प्रत्याशी को वोट देने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है।
बजरंग दल के जिला संयोजक भरत सिंह पटेल प्रिंस ने जिला निर्वाचन अधिकारी से की गई शिकायत में कहा है कि एक व्हाट्सएप ग्रुप के एडमिन क्योलड़िया के एक पुलिस अफसर है। इस ग्रुप से बजरंग दल के भी एक सदस्य जुड़े हैं। इस ग्रुप में शकील नाम के एक शख्स ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की उस घोषणा को पोस्ट किया है जिसमें हर गरीब को 6000 रुपये माहवार देने की बात कही गई है। आरोप है कि बजरंग दल के सदस्य की ओर से इस पोस्ट पर आपत्ति जताने के बावजूद ग्रुप एडमिन ने कोई ध्यान नहीं दिया। डीएम ने एसडीएम नवाबगंज को इस मामले की जांच कर कार्रवाई करने को कहा है।
ऐसी ही एक शिकायत मदन गोपाल सिंह नाम के एक वकील ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को भेजी है। मदन गोपाल सिंह का कहना है कि सदर तहसील में दो सगे भाई संग्रह अमीन के पद पर कार्यरत हैं। ये दोनों सपा-बसपा गठबंधन के प्रत्याशी के पक्ष में वोट करने के लिए लोगों पर दबाव डाल रहे हैं। लोगों को धमकियां भी दे रहे हैं। मदन गोपाल ने दोनों अमीनों का ट्रांसफर दूसरी तहसील में करने का अनुरोध किया है।