बरेली। किला क्षेत्र में सिटी स्टेशन के सामने शुक्रवार दोपहर एक व्यक्ति का शव नाले में पड़ा मिला। पुलिस की सूचना पर पहुंचे दो दिन सेे लापता व्यक्ति के परिजनों ने शव की शिनाख्त कर ली। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में व्यक्ति की डूबने से मौत होने की पुष्टि हुई है।
सिटी स्टेशन के सामने नाले में शुक्रवार दोपहर एक शव पड़ा नजर आया। उधर दो दिन से लापता जीजीआईसी स्कूल के पास रहने वाले 40 वर्षीय आशीष सक्सेना के बेटे हनु भी दोपहर में पिता की जानकारी लेने किला थाने पहुंचे हुए थे। पुलिस की सूचना पर परिवार घटना स्थल पर पहुंचा। परिवार ने शव की शिनाख्त की। बेटे हनु ने बताया कि पिता बुधवार शाम कुंवरपुर निवासी एक रिश्तेदार के घर गए थे। वहां से करीब छह बजे निकले। जिसके बाद घर नहीं लौटे। सिटी स्टेशन रोड पर लगे सीसीटीवी चैक करने पर घटना स्थल से ठीक पहले बिलडिंग में वह करीब छह बजकर चालीस मिनट पर नजर आए थे। उसके आगे लगे किसी कैमरे में वह नजर नहीं आए। मुमकिन है कि किसी हादसे के कारण वह नाले में गिर पड़े हों। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।