बरेली। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्रनाथ पांडेय ने पौने तीन साल से पार्टी के महानगर अध्यक्ष का दायित्व संभाल रहे उमेश कठेरिया को पद से हटाकर डॉ. केएम अरोड़ा को जिम्मेदारी सौंपी है। डॉ. अरोड़ा अब तक महानगर उपाध्यक्ष का दायित्व संभाल रहे थे। उमेश कठेरिया को अब बृज क्षेत्र का मंत्री बनाया गया है। कार्यकर्ताओं ने दोनों का संजयनगर कार्यालय पर फूल मालाएं पहनाकर स्वागत किया।
प्रदेश के वित्तमंत्री राजेश अग्रवाल के नजदीकी माने जाने वाले उमेश कठेरिया को जनवरी, 2016 में भाजपा का महानगर अध्यक्ष बनाया गया था। भाजपा के सत्ता में आने के बाद उमेश कठेरिया कई मामलों में विवादित रहे। उधर, डॉ. केएम अरोड़ा पेशे से चिकित्सक हैं। वह वर्तमान में महानगर कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष थे। उन्हें केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री संतोष गंगवार के खेमे का माना जाता है। उमेश कठेरिया दलित समुदाय से हैं, जबकि डॉ. अरोड़ा पंजाबी समाज से हैं। लोकसभा चुनाव के आसपास पहले भी केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार की पसंद के महानगर अध्यक्ष बनाए जाते रहे हैं। उमेश कठेरिया से पहले पुष्पेंदु शर्मा, सुधीर जैन, दिलीप आर्य, केवल कृष्ण आदि भाजपा महानगर अध्यक्ष रहे हैं।
ऐन वक्त पर कटा पवन अरोड़ा का पत्ता
भाजपा में महानगर अध्यक्ष पद के लिए विश्व हिंदू परिषद के तेज तर्रार नेता पवन अरोड़ा का नाम तेजी से चल रहा था। उनका नाम महानगर अध्यक्ष पद के लिए लगभग फाइनल हो चुका था। अपने बयानों को लेकर अक्सर चर्चा में रहने पवन अरोड़ा की जगह गैरविवादित छवि के डॉ. केएम अरोड़ा भाजपा महानगर अध्यक्ष बनने में कामयाब हो गए।