गरीब नवाज एक्सप्रेस के महिला कोच पर बीएसएफ का कब्जा
शिकायत मिली तो जंक्शन पर जीआरपी/आरपीएफ ने खाली कराई बोगी
बरेली। गरीब नवाज एक्सप्रेस की महिला बोगी पर बीएसएफ के जवानों ने कब्जा कर लिया। स्टेशन मास्टर की सूचना पर जीआरपी और आरपीएफ ने बोगी खाली कराई। बाद में जवान नंगलडैम एक्सप्रेस से दिल्ली चले गए।
शनिवार को बीएसएफ के 16 जवान किशनगंज से अजमेर जाने वाली गरीब नवाज एक्सप्रेस के लगेज कोच में सवार हुए। किशनगंज में कोच इंजन के पास लगा था, लेकिन हाजीपुर जंक्शन पर इंजन की दिशा बदली तो लगेज कोच पीछे हो गया। यहां गार्ड ने कोच पर महिलाओं के लिए आरक्षित की प्लेट लगा दी। तीन घंटे लेट चल रही ट्रेन सुबह पौने नौ बजे लखनऊ चारबाग स्टेशन पर पहुंची। महिलाएं कोच में चढ़ने लगीं तभी बीएसएफ जवानों ने दरवाजा बंद कर लिया। उन्होंने गार्ड से शिकायत की लेकिन वह कोई मदद नहीं कर सके। शाहजहांपुर में भी जवानों ने दरवाजा नहीं खोला। इसके बाद गार्ड ने रेलवे कंट्रोल मुरादाबाद मेसेज भेज दिया। मेसेज जंक्शन पर पहुंचा तो स्टेशन मास्टर ने जीआरपी को सूचना दी। ट्रेन पूर्वान्ह 11 बजे जंक्शन पहुंची, तभी जीआरपी के कार्यवाहक प्रभारी राजेंद्र सिंह सिरोही जीआरपी और आरपीएफ के साथ प्लेटफार्म पर पहुंच गए। उन्होंने जवानों का सामान उतारकर प्लेटपार्म पर रख दिया और महिला कोच खाली करा दिया। जवानों को अलग-अलग स्लीपर कोच में बर्थ भी दिला दी गईं, लेकिन वे एक ही कोच में बैठना चाहते थे। राजेंद्र सिंह ने बताया कि बाद में सभी जवान नंगलडैम एक्सप्रेस से दिल्ली चले गए।