बरेली। इस बार वसंत पंचमी और वेलेंटाइन डे एक ही दिन है। ज्योतिषाचार्य के मुताबिक 57 साल बाद यह दुर्लभ संयोग बना है। लिहाजा, इस दिन यानी 14 फरवरी को 300 जोड़े जीवनसाथी बनकर प्रेम के अटूट बंधन से जुडेंगे। शहर के 90 फीसदी मैरिज हॉल व बैंक्वेट हॉल बुक हो चुके हैं।
बरेली बैंक्वेट हॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष गोपेश अग्रवाल के मुताबिक वेलेंटाइन डे पर वसंत पंचमी का अबूझ मुहूर्त होने की वजह से विवाह के लिए किसी सोच-विचार की जरूरत नहीं होती। इस दिन विवाह के बंधन में बंधने के लिए बीते साल ही कइयों ने बुकिंग कराई थी। इसमें ज्यादातर ऐसे लोग शामिल रहे, जिनके विवाह बीते वर्ष देर से तय हुए और उस समय आयोजन संबंधी दिक्कतों की वजह से इस दिन को चुना। बताया कि शहर में करीब 150 बरातघरों में से 90 फीसदी बुक हैं।
होटेलियर वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. अनुराग अग्रवाल के मुताबिक अबूझ तिथि पर शहर के कई होटलों में भी वैवाहिक आयोजन होंगे। इसके लिए पूर्व में ही बुकिंग हो चुकी हैं। 35 होटलों में शादी समारोह होने का अनुमान है। बैंड बाजा संचालक बाबू भाई के मुताबिक उनके पास चार बुकिंग हैं। इसके लिए दो टीमें बनाई गई हैं, जो एक दिन में दो-दो जगह पहुंचेंगी। भुगतान पहले ही ले लिया है।