मामला 1
किला निवासी महिला का प्रसव सितंबर में निजी अस्पताल में हुआ था। प्रसव के फौरन बाद नवजात रोया नहीं। स्टाफ की कड़ी मशक्कत के बावजूद स्थिति गंभीर हुई तो उसे रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर एसएनसीयू पहुंचे। बच्चे को वार्मर पर भर्ती कर इलाज आरंभ किया, लेकिन दो घंटे बाद ही उसने दम तोड़ दिया।
मामला 2
पुराना शहर निवासी महिला को परिजनों ने अक्तूबर में जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया था। जांच में वह हाई रिस्क प्रेग्नेंसी की श्रेणी में पाई गई। प्रसव के बाद नवजात कुछ मिनट तक शांत रहा। फौरन डॉक्टर ने नवजात को एसएनसीयू के लिए रेफर कर दिया। यहां इलाज के दौरान नवजात ने दम तोड़ दिया।
यह है वजह
चिकित्सक के मुताबिक, बर्थ एस्फिक्सिया के पीछे कई कारण हो सकते हैं। इनमें प्रसव के दौरान लंबे समय तक बच्चे का फंसा रहना, गर्भनाल का दब जाना या गले में लिपटना, प्लेसेंटा का समय से पहले अलग होना और गर्भ में बच्चे को ऑक्सीजन की आपूर्ति बाधित होना आदि प्रमुख हैं। इसके अलावा मां को गंभीर रक्तचाप की समस्या, अत्यधिक रक्तस्राव, संक्रमण, गर्भावस्था के दौरान जटिलताएं और समय से पहले प्रसव भी जोखिम बढ़ा सकते हैं।
गर्भावस्था में इन बातों का रखें ध्यान
डॉ. सीमा सिंह ने बताया कि गर्भावस्था के दौरान नियमित जांच, जोखिम वाली गर्भावस्था की पहचान, प्रसव के दौरान बच्चे की धड़कन पर निगरानी और जरूरत पड़ने पर समय से सुरक्षित प्रसव कराना जरूरी है। साथ ही, प्रसव कराने वाले केंद्रों पर प्रशिक्षित स्टाफ, एसएनसीयू की सुविधा, ऑक्सीजन, आवश्यक उपकरण और गंभीर बच्चों को तत्काल उच्चस्तरीय चिकित्सा केंद्र तक पहुंचाने की व्यवस्था होनी चाहिए।
जानिए- क्या है बर्थ एस्फिक्सिया, क्यों होती है मौत
जिला महिला अस्पताल की वरिष्ठ स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. सीमा सिंह ने बताया कि बर्थ एस्फिक्सिया यानी जन्म के समय नवजात के शरीर और मस्तिष्क तक पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं पहुंच पाना। सामान्य प्रसव के दौरान बच्चा गर्भनाल और प्लेसेंटा के जरिये मां से ऑक्सीजन प्राप्त करता है। इस दौरान किसी कारण से बच्चे को पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं मिलती या वह जन्म के बाद प्रभावी ढंग से सांस नहीं ले पाता तो इस स्थिति को बर्थ एस्फिक्सिया कहा जाता है।
बच्चे के मस्तिष्क समेत शरीर के महत्वपूर्ण अंगों को ऑक्सीजन की कमी का सामना करना पड़ता है। स्थिति गंभीर होने पर मस्तिष्क की कोशिकाओं को नुकसान पहुंच सकता है और नवजात की जान तक जा सकती है।
जिला महिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. त्रिभुवन प्रसाद ने बताया कि बर्थ एस्फिक्सिया से मृत बच्चों में आउट बॉर्न की संख्या अधिक है। यह अस्पताल में बच्चों की मृत्यु दर बढ़ने का मुख्य कारण भी बन रहा है। अस्पताल की ओपीडी में आने वाली हर गर्भवती को समय पर जांच और संस्थागत प्रसव के लिए जागरूक किया जा रहा है, ताकि शिशु मृत्यु दर कम हो सके।