बरेली। स्वास्थ्य विभाग में आईजीआरएस और हेल्पलाइन के माध्यम से दर्ज शिकायतों के निस्तारण के बाद फीडबैक में करीब 27 फीसदी लोग कार्रवाई से असंतुष्ट मिले। अफसरों के मुताबिक कुछ शिकायतें चिकित्सकों की कमी की थी। ये जानकारी देने पर भी असंतुष्ट फीडबैक मिली।
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार एक से 25 अगस्त तक स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने आईजीआरएस पोर्टल और हेल्पलाइन से दर्ज 141 शिकायतों का समाधान किया। इनमें 106 शिकायतकर्ता संतुष्ट और 35 असंतुष्ट मिले। अधिकारियों ने 116 शिकायतकर्ताओं को फीडबैक के लिए कॉल की पर 25 से संपर्क नहीं हो सका। निस्तारण के बाद 91 शिकायतकर्ताओं के सर्वे में भी 50 का सर्वे नहीं हो सका। आईजीआरएस से मिले 67 फीडबैक में 49 संतुष्ट, 18 असंतुष्ट रहे। इनमें से 50 शिकायतकर्ताओं से अफसरों ने फोन पर संपर्क, 42 मामलों में सर्वे किया गया।
निस्तारण से सौ फीसदी संतुष्ट मिले शिकायतकर्ता
रिपोर्ट में कुछ ब्लॉकों और स्वास्थ्य अधिकारियों का प्रदर्शन 100 फीसदी रहा। रामनगर, बिथरी चैनपुर, फरीदपुर, जिला अस्पताल, रामनगर, आलमपुर जाफराबाद में फीडबैक में शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि 100 फीसदी रही। महिला अस्पताल में एक शिकायत थी जिसका निस्तारण न होने से फीडबैक शून्य रहा। बहेड़ी में 50 फीसदी, भोजीपुरा, मझगवां में 60, मीरगंज में 66, दमखोदा में 75 फीसदी शिकायतकर्ता संतुष्ट मिले।
वर्जन
प्राप्त सभी शिकायतों का निर्धारित समयसीमा में निस्तारण के निर्देश हैं। संपर्क न होने या किन्हीं भी परिस्थिति में असंतुष्ट फीडबैक पर सर्वे करने के लिए भी कहा गया है। - डॉ. विश्राम सिंह, सीएमओ