जम्मू-कश्मीर की जेलों के 23 बंदियों को एयरफोर्स के विमान से लाकर शुक्रवार को जिला जेल में शिफ्ट कर दिया गया। अधिकारी कार्रवाई के बारे में बताने से हिचक रहे हैं। बताया जाता है कि इनमें हुर्रियत कांफ्रेंस के कुछ अलगाववादी, आतंकी और पत्थरबाज शामिल हैं जिन्हें हाल ही में गिरफ्तार किया गया था। यहां उन्हें हाई सिक्योरिटी वाली सुरक्षा बैरकों में रखा गया है।
शुक्रवार पूर्वाह्न 11 बजे डीआईजी राजेश कुमार पांडेय, डीएम वीरेंद्र सिंह और एसएसपी मुनिराज जी. त्रिशूल एयरफोर्स पहुंचे। कुछ देर बाद ही वहां एयरफोर्स के विशेष विमान से जम्मू की जेल के 23 बंदियों को लाया गया। इन्हें तत्काल ही बंदियों को ले जाने वाली पुलिस वैन में बैठाकर सुरक्षा दस्ते के साथ बिथरी क्षेत्र स्थित जिला जेल ले जाया गया।
जेल सूत्रों के मुताबिक इन्हें जेल की हाई सिक्योरिटी बैरकों में रखा गया है। जेल में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। जेल के बाहर बिथरी पुलिस की चौकी पर भी स्टाफ बढ़ाया गया है। बंदियों की शिफ्टिंग की कार्रवाई के दौरान डीआईजी जेल शशि श्रीवास्तव व जिला जेल के अधीक्षक यूपी मिश्रा भी मौजूद रहे। आधिकारिक तौर पर कार्रवाई के बारे में कोई अधिकारी बयान नहीं दे रहा है। अधिकतर अफसरों के मोबाइल फोन बंद हो गए हैं तो कुछ नॉट रीचेबल हैं। एडीजी जोन अविनाश चंद्र ने कहा कि उन्हें कोई जानकारी नहीं है।