छह बदमाश गिरफ्तार (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : Social Media (File Photo)
एसटीएफ लखनऊ की टीम ने सर्विलांस की मदद से मोहम्मदी के एक वकील के घर डकैती डालने की योजना बना रहे छह बदमाशों को दबोच लिया। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है। वकील का भतीजा ही गिरोह का सरगना निकला। उसने बंटवारे के विवाद को लेकर डकैती डलवाने की योजना बनाई थी।
प्रभारी निरीक्षक पसगवां शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मोहम्मदी निवासी राम दिनेश वर्मा पेशे से वकील हैं। उनका अपने ही भतीजे नीतेंद्र कुमार वर्मा से बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। नीतेंद्र वर्मा ने डकैती डलवाने की योजना बनाई थी। करीब 20 दिन पहले इसकी भनक राम दिनेश को लग गई। उन्होंने इसकी जानकारी एसटीएफ लखनऊ को दी। हरकत में आई एसटीएफ ने नीतेंद्र कुमार वर्मा का मोबाइल सर्विलांस पर लगा दिया और 20 दिनों से कॉल रिकॉर्डिंग सुन रही थी।
नीतेंद्र की प्लानिंग के अनुसार बृहस्पतिवार की शाम सभी बदमाश जंगबहादुरगंज-मोहम्मदी से सपौरा जाने वाले मार्ग पर एकत्र थे। रात करीब 10 बजे एसटीएफ लखनऊ एक एसआई शिवनेत्र सिंह ने टीम के साथ घेराबंदी कर ग्राम सुखबसा निवासी नीतेंद्र कुमार वर्मा, ग्राम भूड़ा निवासी फूल किशन, मोहम्मदी कोतवाली के ग्राम खैरिया मिश्र निवासी श्रीकांत उर्फ मुनक्के, थाना कमलापुर (सीतापुर) के गांव चरकुआ सुल्तानपुर निवासी दुर्वेश यादव उर्फ डीके, थाना मानपरुर (सीतापुर) के गांव न्यादरपुर निवासी मानसिंह और निर्मल सिंह को दबोच लिया।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, तीन बाइक और मोबाइल बरामद किए हैं। एसटीएफ के एसआई की ओर से पसगवां पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेज दिया है।