आंवला। कैंटर में 24 से अधिक गायों को भरकर खनगांव श्याम गोशाला लाते समय दो गायों की मौत हो गई। जानकारी होने पर सोमवार शाम गोशाला पहुंचे हिंदूवादी संगठन कार्यकर्ताओं ने वाहन में पशुओं को ठूंसकर भरने का आरोप लगाते हुए विरोध किया। मामले में एसडीएम ने संज्ञान लेकर जांच के आदेश दिए हैं।
रविवार को थाना सिरौली क्षेत्र के शिवपुरी गांव के दर्जनों ग्रामीणों ने पशुधन मंत्री से मिलकर गांवों के निराश्रित गोवंशीय पशुओं से हो रही दिक्कत को देखते हुए समस्या के समाधान की बात कही। मंत्री के निर्देश के बाद सोमवार को ग्रामीणों ने 24 से ज्यादा गोवंश को एक स्थान पर जमा कर मझगवां ब्लाॅक के सचिव को सौंप दिया। सोमवार रात गोशाला लाते समय रास्ते में दो पशुओं की मृत्यु हो जाने की सूचना पर हिंदूवादी संगठन कार्यकर्ता खनगांव श्याम गांव की गोशाला पहुंचे और गायों की मौत पर रोष जताते हुए वहां मौजूद केयरटेकर व सचिव से तीखी नोकझोंक करने लगे। कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों के साथ गोशाला में व्याप्त कमियों को लेकर हंगामा भी किया।
बाद में सचिव व ग्राम प्रधान द्वारा हिंदू संगठन कार्यकर्ताओं से माफी मांगते हुए मामले को शांत करा दिया गया। इधर, इस मामले में एसडीएम विदुषी सिंह ने बताया कि मृत गोवंश को दफना दिया गया है। मामले की जांच खंड विकास अधिकारी मझगवां को दे दी गई है। संवाद
गोशाला में गायों के लिए न तो पर्याप्त चारा और न ही शुद्ध पेयजल: गोशाला पहुंचे अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद जिला महामंत्री हिमांशू सोलंकी ने बताया कि गोशाला में गायों की दुर्दशा हो रही है। गोशाला में गायों के लिए न तो पर्याप्त चारा है और न ही शुद्ध पेयजल। ऐसे में गायों को बीमार होकर मरना कोई बड़ी बात नहीं है। इस दौरान अवधेश मौर्य, शिव चैधरी, सोमवीर दिवाकर आदि मौजूद रहे।