यानी निगम टीम आयुक्त की ही सुनेगी मेयर की नहीं
- फोटो : अमर उजाला, बरेली
मेयर के निर्देश की अनदेखी करने वाले जलकल विभाग की टीम नगर आयुक्त के इशारे पर दौड़ी
बिहारीपुर कहरवान में तीन कनेक्शन काटकर बंद की पाइपलाइन की लीकेज
बरेली। बिहारीपुर कहरवान के मामले से साबित हो गया है कि मेयर उमेश गौतम और नगर आयुक्त सैमुअल पॉल एन. के बीच छिड़ी ‘जंग’ में निगम के अफसर भी शामिल हो गए हैं। यहां टोंटियों में सीवर का पानी आने की समस्या दूर करने के लिए मेयर ने जलकल विभाग के अफसरों को 26 अप्रैल को पत्र लिखा था जिस पर कोई सुनवाई नहीं हुई। शनिवार को उपसभापति अतुल कपूर ने जब सीधे नगर आयुक्त को मेसेज किया तो रविवार को छुट्टी में भी जलकल विभाग की टीम पूरे दिन यहां डटी रही। समस्या का कारण बने तीन घर ढूंढ निकाले और उनके कनेक्शन काटकर पाइपलाइन की लीकेज को खत्म कर दिया। टीम के मुताबिक बाकी बचे खराब कनेक्शन भी जल्द काटे जाएंगे।
उपसभापति अतुल कपूर के वार्ड बिहारीपुर कहरवान में करीब डेढ़ साल से पेयजल में गंदगी आने की समस्या थी। उनका कहना है कि इसको लेकर कई बार निगम में शिकायत की तो उसे दुरुस्त किया गया। मगर स्थायी समाधान नहीं हुआ। करीब एक-डेढ़ महीने पहले यह समस्या फिर शुरू हुई। इस पर 16 अप्रैल को उन्होंने जलकल विभाग के जेई को मेसेज किया और फिर 26 अप्रैल को मेयर उमेश गौतम से जीएम जलकल को पत्र लिखवाया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
शनिवार को वह वार्ड में पहुंचे तो जनता ने घेर लिया। इसके बाद मौके से ही उन्होंने नगर आयुक्त को तल्ख मेसेज किया। परिणामस्वरूप रविवार सुबह ही जलकल विभाग के एई तारकेश्वर पांडेय, जेई पीसी आर्या टीम के साथ पहुंच गए। समस्या वाले क्षेत्र में प्रत्येक घर में जाकर पानी की सप्लाई चेक की गई तो तीन घर ऐसे मिले, जिनका पानी कनेक्शन नाली से होकर गुजर रहा था। यह पाइप गल जाने से नाली का पानी उससे होकर मुख्य पाइपलाइन में मिल रहा था। इसके बाद टीम ने तीनों घरों के कनेक्शन काट दिए। दिन भर चले काम के बाद शाम को घरों में साफ पानी की सप्लाई शुरू हो गई।
समस्या का समाधान कराने के लिए नगर आयुक्त को धन्यवाद कर दिया है। मगर मेरा कहना है कि जब समस्या इतनी छोटी थी जो दिन भर में ठीक हो गई तो 26 अप्रैल को मेयर के पत्र लिखने पर उसे ठीक क्यों नहीं किया गया? इससे साबित होता है कि निगम के अधिकारी मेयर और सरकार को बदनाम करना चाहते हैं।
- अतुल कपूर, उपसभापति, नगर निगम