बरेली। 20 अप्रैल को देवचरा के पास पीएम नरेंद्र मोदी की जनसभा को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। जनसभा से लेकर पीएम के काफिले के कार से त्रिशूल एयरबेस तक पहुंचने को लेकर चप्पे-चप्पे पर निगरानी के लिए डीएम ने 30 सीनियर अफसरों को बतौर मजिस्ट्रेट तैनात कर दिया है। पीएम की फ्लीट निकलने के दौरान लालफाटक पर दोनों रेलवे क्रासिंग बंद न हो, इसलिए प्रशासन की तरफ से रेलवे अधिकारियों से आग्रह भी कर लिया गया है। इसके अलावा पीएम के काफिला के निकलने के दौरान वीवीआईपी सुरक्षा मानकों के आधार एहतियातन रास्ते में पड़ने वाले सभी पेट्रोल पंप करीब दो घंटे के लिए बंद रहेंगे।
शनिवार को पीएम हेलीकाप्टर से शाम को 6.05 बजे देवचरा के पास चुनावी जनसभा में पहुंचेंगे। इसके बाद वह शाम 6.50 बजे वापस त्रिशूल एयरबेस के लिए कार से जाएंगे। चूंकि चुनावी जनसभा के बाद अंधेरा हो जाएगा, इसलिए सुरक्षा कारणों से पीएम का काफिला वापस हवाई अड्डे के लिए कार से जाएगा। एसपीजी और प्रशासन की तरफ से सुरक्षा को लेकर कड़े इंतजाम किए गए हैं। जनसभा स्थल से त्रिशूल एयरबेस के बीच करीब 30 किमी के रास्ते में पीएम की फ्लीट बगैर किसी अवरोध के पास हो जाए, इसके लिए डीएम वीरेंद्र कुमार सिंह ने एडीएम प्रशासन, एडीएम सिटी, सीडीओ सहित 30 वरिष्ठ अधिकारियों को मजिस्ट्रेट बनाया है। ये सभी अफसर पीएम के काफिले के लिए निर्धारित रूट पर कड़ी निगरानी रखते हुए मूवमेंट करेेंगे। फ्लीट के रूट पर प्रशासन का सबसे ज्यादा फोकस लालफाटक क्रासिंग पर है। पीएम का काफिला निकलने के दौरान इस रोड पर दोनों रेलवे क्रासिंग खुली रहेंगी। इसके लिए जिला प्रशासन ने रेलवे के अफसरों से आग्रह करते हुए लेटर भी भेज दिया है। इसके अलावा पीएम के काफिला निकलने वाले रूट पर पेट्रोल पंप भी पांच से सात बजे तक बंद रहेंगे। प्रशासन इसकी सूची पहले ही तैयार करा चुका है।
पीएम के काफिले में शामिल रहेंगे 24 वाहन
सड़क मार्ग से जाने के लिए पीएम के काफिले में 24 वाहन शामिल रहेंगे। इसमें सबसे आगे पायलट, फिर मीडिया वाहन, सीएवी-01, लीड कार, मैन, एस्कोट-एक, जैमर, एस्कोर्ट-टू स्टेट पुलिस कार और फिर वीवीआई स्पेयर कार शामिल रहेगी। इकसे बाद पीएम के साथ 11 और कारों का काफिला रहेगा। आखिर में एंबुलेंस, ब्रेक डान वाहन और टेल कार शामिल रहेगी।
पीएम के काफिले का यह रहेगा रूट
-बदायूं रोेड, लालफाटक क्रासिंग, वीरांगना चौक, कैंट आफिस चौराहा, सेंट मारिया स्कूल, आशा स्कूल तिराहा, नटराज तिराहा, बरेली क्लब, पावर हाउस, बियाबान कोठी, सेटेलाइट आर्मी गेट, सेटेलाइट रोडवेज बस अड्डा, सतीपुर चौराहा, फनसिटी विस्तार गेट, पेट्रोल पंप पीर बहोड़ा, पीरबहोड़ा ईदगाह रोड तिराहा, सनसिटी गेट फेस-01 और एयरफोर्स स्टेशन गेट।
पीएम की सुरक्षा व अन्य तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पीएम का काफिला जिस रूट से होकर वापस त्रिशूल हवाई अड्डे पर जाएगा, उस पर मजिस्ट्रेट तैनात कर दिए गए हैं। पीएम की फ्लीट निकलने के दौरान रेलवे क्रासिंग खुली रहे, इसके लिए रेलवे अफसरों से आग्रह कर लिया गया है। - वीरेंद्र कुमार सिंह, जिलाधिकारी