सड़क पर अज्ञात महिला ने दिया मरे हुए बच्चे को जन्म
किला इलाके का मामला, मानसिक रूप से अस्वस्थ है महिला
अमर उजाला ब्यूरो
बरेली।
किला इलाके में सड़क पर एक अज्ञात महिला ने सोमवार सुबह मरे हुए बच्चे को जन्म दिया। महिला ऐसी अवस्था में किस तरह किला इलाके में पहुंची इसकी जानकारी पुलिस नहीं लगा सकी है। हालांकि स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला को जिला महिला अस्पताल पहुंचा दिया। महिला की हालात स्थिर है। बच्चे का शव पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
जिला महिला अस्पताल में सोमवार सुबह लाई गई प्रसूता की हालत तो स्थिर है पर उसकी मानसिक स्थिति पहली नजर में अस्वस्थ प्रतीत होती है। हालांकि सड़क पर बच्चा पैदा होने और उसके जन्म लेते ही मर जाने का दर्द उसके चेहरे पर साफ दिखता है। बच्चे के बारे में पूछने पर वह इशारा करके बताती है कि वह ऊपर चला गया। वह अपना नाम अलग-अलग बताती है, मां-पिता के बारे में पूछने पर टाल गई, बहन के दिल्ली में नौकरी करने की बात बताई। अपना पता गोरखपुर जिला बता रही है। बरेली में रहते हुए कितना समय हुआ, शादी हुई या नहीं, अपने गर्भ के विषय में वह कुछ नहीं बता पा रही। हालांकि उसने बताया कि जंक्शन के पास एक शराब की दुकान में वह 150 रुपये पर वर्तन धोती थी। उसने बताया कि बच्चे के लिए एक हजार रुपया बचाकर भी रखा था पर तबीयत खराब होने के बाद क्या हुआ, उसे नहीं याद।
आशा ज्योति केंद्र खोजेगा महिला का पता
बरेली। अमर उजाला के अवगत कराने पर आशा ज्योति केंद्र एक्टिव हुआ। जिला प्रोवेशन अधिकारी के निर्देश पर आशा ज्योति केंद्र की काउंसलर सीमा भारती और कांस्टेबल वहां पहुंचीं। महिला की काउंसलिंग की और उसके बताए जंक्शन के पास के पते पर जाकर दोनों कर्मियों ने दुकानदारों से पूछताछ भी की। हालांकि दुकानदारों ने महिला की जानकारी होने से इंकार किया है। आशा ज्योति केंद्र की टीम अब महिला की लगातार काउंसलिंग की जाएगी ताकि उसके घर का सही पता लगाकर उसे परिवार के सुपुर्द किया जा सके। पता न लगने की स्थिति में उसे नारी निकेतन भेजा जाएगा।
कुपोषित है प्रसूता, अविकसित था मृत नवजात
बरेली। सीएमएस डॉ. साधना सक्सेना का कहना है कि प्रसूता को न्यूनतम दो दिन आब्जरवेशन के लिए लेवर रूम में ही रखेंगे। वह कुपोषित है, इसलिए खुराक पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सुबह जब प्रसूता अस्पताल लाई गई थी तो उसके साथ लाया गया नवजात मृत था। उसके सिर का भाग विकसित नहीं हुआ था। शव पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।