लाल फाटक रोड पर डायवर्जन व्यवस्था पहले से लागू है। अभी तक रात नौ बजे तक यहां भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित था। अब एसपी ट्रैफिक ने सुबह आठ बजे से रात दस बजे तक भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित कर दिया है।
लाल फाटक रोड पर लगातार सड़क हादसों में लोगों की मौत के बाद शहर से लाल फाटक होते हुए बुखारा मोड़ तक दिन के वक्त भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित कर दिया गया है। रोडवेज बसों का संचालन भी फरीदपुर से बुखारा होकर बदायूं किया जा रहा है। इसमें 36 किमी का फेर होने के साथ ही 34 रुपये किराया ज्यादा देना पड़ रहा है। एक घंटा ज्यादा समय भी लगता है। दिन के वक्त ट्रकों व अन्य भारी वाहनों का प्रवेश भी यहां बंद है। केवल रात में ही भारी वाहन यहां से निकलते हैं जब सेतु निगम का काम बंद हो जाता है। अभी तक रात नौ बजे के बाद इन वाहनों को एंट्री दी जा रही थी, अब इसे एक घंटा और बढ़ा दिया गया है। एसपी ट्रैफिक सुभाष चंद्र गंगवार ने बताया कि नई व्यवस्था लागू कराने को स्टाफ को निर्देश दिए गए हैं। इसमें लापरवाही करने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई होगी। जबरन घुसने वाली बसों और ट्रकों को भी सीज किया जाएगा।