आज से भरे जाएंगे बीएड
और एमएड के परीक्षा फार्म
अमर उजाला ब्यूरो
बरेली।
बीएड प्रथम व द्वितीय और एमएड प्रथम व द्वितीय मुख्य परीक्षा के फार्म भरने की प्रक्रिया शुक्रवार से शुरू हो रही है। फार्म भरने की प्रक्रिया पांच अप्रैल तक चलेगी।
इस दौरान पूर्व छात्र, परीक्षा सुधार, छूटी हुई प्रयोगात्मक परीक्षा के फार्म भी भरे जाएंगे। सात अप्रैल तक फार्म की हार्ड कॉपी कॉलेजों में जमा होगी। बिजनौर, मुरादाबाद के फार्म दस अप्रैल और बरेली, संभल, अमरोहा के फार्म 11 अप्रैल तक विश्वविद्यालय में जमा होंगे। 12 अप्रैल को पीलीभीत, रामपुर, बदायूं, शाहजहांपुर जिले के फार्म विश्वविद्यालय में जमा होंगे।
25 तक करें बीपीएड के परीक्षा सुधार को आवेदन
बीपीएड के परीक्षा सुधार के फार्म 25 मार्च तक भरे जाएंगे। इनकी परीक्षाएं 2016-17 की मुख्य परीक्षाओं के साथ संपन्न होंगी। हालांकि, इसका परीक्षा कार्यक्रम घोषित नहीं किया गया है। फार्म भरने के बाद हार्ड कॉपी कॉलेजों में 27 मार्च तक अनिवार्य रूप से जमा करनी होगी। विश्वविद्यालय में फार्म 28 मार्च तक होंगे।
दो कॉलेज परीक्षा से हो सकते हैं बाहर
विश्वविद्यालय से नोटिस जारी होने के बाद भी बीपीएड के दो कॉलेज रुक्मिणी देवी और तेजू सिंह ने छात्रों के खेल सर्टिफिकेट विश्वविद्यालय में नहीं जमा कराए हैं। कई छात्रों के खेल सर्टिफिकेट फर्जी निकल चुके हैं। विश्वविद्यालय ने इन दोनों कॉलेजों को नोटिस जारी किया, उसके बाद भी खेल सर्टिफिकेट नहीं दिए। अब विश्वविद्यालय ने तय कर लिया कि अगर खेल सर्टिफिकेट नहीं देते हैं तो इनको परीक्षा से बाहर कर दिया जाएगा। परीक्षा नियंत्रक महेश कुमार ने बताया कि एक सप्ताह के अंदर बीपीएड का परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया जाएगा।
बीएड एंट्रेंस फार्म भरने का आज आखिरी मौका
बीएड एंट्रेंस फार्म भरने का शुक्रवार को आखिरी मौका है। शुक्रवार तक ही छात्र पंजीकरण करा सकते हैं। 25 मार्च तक फीस जमा कर सकते हैं। इसके बाद फार्म भरने का मौका नहीं मिलेगा। बीएड एंट्रेंस के स्टेट को-आर्डिनेटर नवीन प्रोफेसर नवीन खरे ने बताया कि गुरुवार तक 1,81,703 फार्म भरे गए हैं।