रेलवे जंक्शन पर भावुकता एकता और सौहार्द का शानदार नजारा देखने को मिला। जब एक महंत ने हज यात्रा पर जा रहे जत्थे का फूल मालाओं से स्वागत कर सभी को भावुक कर दिया। सब की निगाह उन्हीं महंत पर टिक र्गइं और लोगों को चर्चा के बीच यह कहते देर नहीं लगी कि देश में ऐसे ही महंतों और संतों की जरूरत है।
हज का सफर सोमवार से शुरू हो रहा है। इसके लिए हज यात्रियों का पहला जत्था रविवार को दोपहर में स्टेशन पर था। जत्थे को त्रिवेणी एक्सप्रेस से लखनऊ के लिए रवाना होना था। घरवालों सहित तमाम परिचित भी हज यात्रियों को विदा करने आए थे। कोई गुलदस्ता भेंट कर रहा था तो कोई गले में हार फूल डाल रहा था। कुछ मिठाई लेकर भी पहुंचे। साथ ही मुबारकबाद का सिलसिला भी चल रहा था। इसी बीच स्टेशन पर अपनी ट्रेन का इंतजार कर रहे महंत राखन चंद्र शेखर भी यह सब देख रहे थे। वो भी उठे और लोगों के हाथ से फूल की माला लेकर हज यात्रियों को पहनाते हुए गले लगाकर मुबारकबाद पेश की। हज यात्रियों ने खुशी का इजहार करते हुए महंत जी को भी फूल के हार पहनाए। नजीर बना यह नजारा देख कुछ और लोग भी हज यात्रियों को मुबारकबाद देने पहुंच गए।
यह लम्हा वहां मौजूद लोगों को प्रभावित कर गया। सभी लोगों ने आगे बढ़ कर महंत जी का शुक्रिया अदा किया और उनके बारे में जानकारी लेने लगे। फिर स्टेशन पर छोड़ने आए तमाम लोगों ने भी महंत जी से मिलकर खुशी जाहिर की। महंत जी यहां किसी कार्य से आए थे और वो कोलकाता जाने वाली ट्रेन का इंतजार कर रहे थे।