बीते दो वर्ष से खाली चल रहे मुख्य आयकर आयुक्त पद पर प्रवीण कुमार ने कार्यभार संभाल लिया है। इस मौके पर उन्होंने कहा कि अधीनस्थ और आयकरदाताओं की लंबित समस्याएं प्राथमिकता से निस्तारित होगी।
सोमवार सुबह नये मुख्य आयकर आयुक्त प्रवीण कुमार बरेली पहुंचे। उन्होंने कहा कि कार्यभार संभालते ही निर्देश जारी किए हैं कि आयकर दाताओं की लंबित समस्याएं प्राथमिकता से हल कराई जाएं। उनका कहना है कि आयकरदाता विभाग की मुख्य कड़ी है। छोटी-छोटी तकनीकी कमी होने पर कारोबारी परेशान होता है, इसलिए अब उनकी समस्याएं सूचीबद्ध कराई जा रही हैं। एक सवाल में उन्होंने बताया कि नोटबंदी के बाद कई जिम्मेदारियां मिली हैं। इन्हें सीमित संसाधनों में ही समय से निभाएंगे। इससे पहले आयकर भवन में आयोजित एक कार्यक्रम में चीफ कमिश्नर ने कहा कि अधीनस्थ और सहयोगी खुले मन से कार्य करें। कोशिश होगी कि अधीनस्थों की समस्याएं बिना किसी देरी के हल हों। आयकर कर्मचारी महासंघ जोनल सचिव रविंद्र सिंह ने कार्यक्रम का संचालन किया और विभिन्न जानकारियां दीं। आयकर अधिकारी और महासंघ पदाधिकारी राजेश कुमार और देवी दयाल आदि ने स्वागत किया। इस मौके पर प्रधान आयकर आयुक्त आनंद अग्रवाल, संयुक्त आयुक्त वीके वोरा, संजीव महाजन और यदुवीर सिंह आदि ने भी विचार रखे।