बरेली। एसपीजी के अफसरों के साथ कई चरणों के मंथन और पीएमओ से गाइड लाइन लेने के बाद जिला प्रशासन ने देवचरा में चुनावी सभा के बाद सड़क मार्ग से त्रिशूल एयरबेस तक जाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रूट आखिरकार फाइनल कर दिया। पीएम का काफिला बदायूं रोड पर लाल फाटक, सेटेलाइट से पीलीभीत बाईपास होते हुए त्रिशूल एयरबेस पहुंचेगा। पीएम की फ्लीट के रास्ते में कोई अवरोध न आए, इसके लिए सड़क पर पैच वर्क शुरू कर दिया गया है। पूरे रास्ते पर अतिक्रमण भी हटाया जा रहा है। डीएम की ओर से इस बारे में पीडब्ल्यूडी, सेतु निगम और नगर निगम समेत कई विभागों के अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं। बता दें कि भाजपा नेता पीएम को चौपुला-कालीबाड़ी होते हुए त्रिशूल एयरबेस तक ले जाना चाहते थे, लेकिन सुरक्षा कारणों से प्रशासन ने इससे इंकार कर दिया।
पीएम मोदी का हेलीकॉप्टर देवचरा में जनसभा स्थल के पास बनाए गए हैलीपैड पर 20 अप्रैल की शाम 5.55 बजे उतरेगा। शाम 6.45 बजे उनकी जनसभा खत्म होगी, इस दौरान अंधेरा हो चुका हो चुका होगा लिहाजा सुरक्षा कारणों से उन्हें सड़क मार्ग से त्रिशूल एयरबेस तक ले जाने का फैसला लिया गया है, जहां से वह विशेष विमान से दिल्ली रवाना होंगे। पीएम को जनसभा स्थल से किस रूट से होते हुए त्रिशूल तक ले जाया जाए, इस पर दो दिन से मंथन चल रहा था। इस बीच पुलिस-प्रशासन के उच्चाधिकारियों की एसपीजी अधिकारियों के साथ कई बैठक हुईं। पीएमओ से भी गाइड लाइन ली गईं। भाजपा के स्थानीय नेता चाहते थे कि पीएम को चौपुला और कालीबाड़ी होते हुए पीलीभीत बाईपास पर ले जाया जाए ताकि इस बहाने उनके रोड शो जैसा आयोजन हो जाए, लेकिन अंतत: उनकी मंशा पूरी नहीं हुई।
बृहस्पतिवार शाम को कमिश्नर रणवीर प्रसाद और डीएम वीरेंद्र कुमार सिंह ने एसपीजी के अधिकारियों के साथ बैठक करने के बाद पीएम के रूट पर अंतिम निर्णय लिया। तय हुआ है कि पीएम को बदायूं रोड से लालफाटक, सेंट मारिया स्कूल, नटराज सिनेमा, बरेली क्लब, घोड़ा बटालियन रोड, सेटेलाइट और पीलीभीत रोड होते हुए त्रिशुल हवाई अड्डे पर ले जाया जाएगा। रात में ही इस रोड को दुरुस्त कराने का काम शुरू करा दिया गया है। सेतु निगम के अधिकारियों को भी सर्विस रोड को दुरुस्त करने और कोई अड़चन पैदा न होने के लिए सचेत कर दिया गया है। पीएम को चौपुला-श्यामगंज होते हुए ले जाने का प्रस्ताव इसलिए खारिज कर दिया गया क्योंकि पीएम की फ्लीट शहर के अंदर से गुजरने पर पब्लिक की परेशानी बढ़ने के साथ सुरक्षा संबंधी दिक्कतें हो सकती थीं।
देवचरा में जनसभा के बाद पीएम का काफिला लालफाटक से त्रिशूल एयरबेस तक जाएगा। इस रूट को अंतिम मंजूरी दे दी गई है। इसके लिए अधिकारियों को निर्देशित कर दिया गया है। - वीरेंद्र कुमार सिंह, जिलाधिकारी