बरेली। सुभाषनगर पुलिया के नीचे सफाई का काम होने से इसे आवागमन के लिए बंद किया गया है। समय बचाने के चक्कर में लोग इसके ऊपर लाइनों से बाइक लेकर गुजर रहे हैं। ऐसे ही लोग रविवार दोपहर दुघर्टना का शिकार होने से बचे।
रविवार को सुभाषगनर पुलिया के बंद होने के चलते सुभाषनगर दिशा में आवागमन का साधन चौपुला ओवरब्रिज ही था। जीआरपी व आरपीएफ स्टाफ भी इस बात पर निगरानी कर रहे हैं कि लोग पुलिया के ऊपर से होकर लाइन क्रास न करें। इसके बावजूद दिन में कई बार लोग पटरियों के ऊपर से होकर निकल ही जाते हैं। बाइक और साइकिल भी ले जाते हैं, जिसकी वजह से हादसे की संभावना रहती है। ऐसी ही घटना रविवार दोपहर हुई, जब बाइक लेकर दो युवक रेलवे लाइन क्रॉस कर रहे थे और उसी दौरान मालगाड़ी आ गई। लखनऊ दिशा से दिल्ली की ओर जा रही मालगाड़ी के ड्राइवर ने तेजी से ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक लिया। बाइकर्स के गुजर जाने के बाद मालगाड़ी कुछ देर रुककर आगे चली गई।आरपीएफ इंस्पेक्टर बलवीर सिंह ने बताया कि स्टाफ बढ़ाकर लाइन के ऊपर से लोगों की आवाजाही रोकी जाएगी।