बरेली। आईवीआरआई ओवरब्रिज पर सौ टन वजनी बीम के नीचे लकड़ी के तीन गुटके लगाने का खतरनाक प्रयोग करने के मामले में सेतु निगम मुख्य परियोजना प्रबंधक आरके सिंह के नपने के बाद सेतु निगम मुख्यालय ने बरेली/मुरादाबाद के लिए देवेंद्र सिंह को नया मुख्य परियोजना प्रबंधक (सीपीएम) तैनात किया गया है। इससे पहले यहां भेजे गए दिनेश गुप्ता अब आगरा का काम देखेंगे।
सर्विस लेन बनाए बगैर लालफाटक ओवरब्रिज का निर्माण शुरू करने के कारण दुघर्टनाओं में नौ लोगों की मौत हो गई थी। आईवीआरआई ओवरब्रिज पर और भी बड़े हादसे का इंतजाम किया गया। यहां सौ टन वजन का बीम लकड़ी के तीन गुटकों के सपोर्ट पर रख दिया गया। भ्रष्टाचार और अनियमितिताओं की शिकायत सांसद धर्मेंद्र कश्यप, मेयर उमेश गौतम, विधायक पप्पू भरतौल, आरके शर्मा आदि ने ऊपर तक की थीं। एमडी की ओर से जांच कराने के बाद पहले डीपीएम नवाब सिंह और फिर सीपीएम आरके सिंह को चार्ज छीनकर यहां से हटा दिया गया था। अब एमडी ने बरेली और मुरादाबाद अंचल में एटा से देवेंद्र सिंह को नया सीपीएम बनाया है। यहां काम देख रहे दिनेश गुप्ता आगरा तैनात किए गए हैं।