बरेली। पुलिस लाइन में भर्ती परीक्षा के अंतिम चरण में मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। इसमें दरोगा पद पर चयनित हुए सभी 42 युवा पास कर दिए गए हैं। साथ ही 147 सिपाही पद के चयनित युवाओं का मेडिकल परीक्षण जारी है।
पुलिस लाइन में दस अप्रैल से पिछली भर्तियों में पासआउट पुलिसकर्मियों के मेडिकल परीक्षण की प्रक्रिया चल रही है। स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टरों का पैनल यह काम कर रहा है। वर्ष 2016 दरोगा भर्ती परीक्षा में रेंज के चारों जिलों से 42 युवाओं ने दरोगा बनने की शारीरिक और लिखित परीक्षा पास की थी। बरेली, बदायूं, शाहजहांपुर और पीलीभीत के इन उत्तीर्ण युवाओं का पुलिस लाइन में मेडिकल परीक्षण कराया गया। इसमें सभी पास हो गए। अब इन्हें प्रशिक्षण के लिए भेजा जाएगा। साथ ही 2018 की आरक्षी भर्ती में जिले के 147 युवक युवतियों ने सफलता पाई थी। भर्ती के नोडल अधिकारी एससी गंगवार ने बताया कि इनमें से सौ का डाटा लखनऊ से पुलिस लाइन आ गया तो इनका मेडिकल परीक्षण करा दिया गया। सोमवार से दोबारा मेडिकल परीक्षण शुरू होंगे।