ओरछी (बदायूं)। फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के ग्राम ओरछी में एक बालिका की तालाब में डूबकर मौत हो गई, जिससे उसके परिवार में कोहराम मच गया। बालिका अपनी बड़ी बहन के साथ तालाब किनारे घास काट रही थी। गांव वालों ने शव को बाहर निकाल लिया, लेकिन रात तक उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए नहीं भेजा जा सका।
शुक्रवार देर शाम ओरछी निवासी हैदल सिंह की 10 वर्षीय बेटी सिमान और बड़ी बेटी मंतेश (13) गांव के नजदीक स्थित तालाब किनारे अपनी बकरियों के लिए घास काट रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जैसे ही सिमान ने तालाब में बड़ी घास काटने को एक लकड़ी पर पैर रखा कि वह लकड़ी तालाब में धंस गई और उसके साथ सिमान भी तालाब की दलदल में डूबती चली गई। यह देखकर मंतेश चिल्लाती हुई घर की ओर भागी और उसने परिवार वालों को इसके बारे में बताया। इससे परिवार वाले दंग रह गए और रोते-बिलखते तालाब की ओर दौड़ पड़े। आनन-फानन में गांव के कुछ युवक तालाब में कूद पड़े। उन्होंने बच्ची की तलाश शुरू कर दी। करीब दो घंटे बाद गांव वालों को सफलता मिली और उन्होंने बालिका को बाहर निकाला लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई थी। इसकी सूचना पर थाना पुलिस और राजस्व विभाग की टीम पहुंच गई। देर रात तक बालिका के शव को पोस्टमार्टम के लिए नहीं भेजा जा सका। बालिका सिमान पांच बहन भाइयों में दूसरे नंबर की थी। वह लाला गनेशी लाल माध्यमिक विद्यालय में कक्षा चार की छात्रा थी।