बरेली। प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना देशभर में मंगलवार से लागू हो गई। इसकी शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात से की। बरेली समेत सभी जिलों में एक साथ कार्यक्रम हुए और कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया।
श्रम विभाग ने असंगठित क्षेत्र के मजदूरों को पेंशन योजना का लाभ दिलाने और पंजीकृत लोगों को प्रमाण पत्र सौंपने के लिए सभी जिला मुख्यालयों पर विशेष कार्यक्रम किए। मंगलवार पूर्वाह्न 11 बजे से इसका सीधा प्रसारण गुजरात से किया जाना था, लेकिन कार्यक्रम पौन घंटा देर से शुरू हुआ। सीधा प्रसारण शुरू होते ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बड़ी स्क्रीन पर दिखे तो लोगों ने ताली बजाकर स्वागत किया। प्रसारण पूरा होने के बाद पंजीकृत पात्रों को प्रमाण पत्र सौंपे गए। इस मौके पर मुख्य अतिथि सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने कहा कि देशभर में 40 करोड़ से अधिक असंगठित मजदूर हैं। कभी किसी सरकार ने इनकी सुध नहीं ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मजदूरों को पेंशन दिलाना शुरू कर दिया। विधायक डॉ. अरुण कुमार ने कहा कि इस योजना में आंगनबाड़ी, आशा कार्यकर्ता भी शामिल हो सकते हैं।
सहायक श्रमायुक्त अजीत कनौजिया ने बताया कि 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के ठेला, रिक्शा चालक, घरेलू कामगार, खेतिहार मजदूर, ईंट भट्टा मजदूर, बीड़ी, कबाड़, बुनकर, टैक्सी और ऑटो चालक, जिनकी आमदनी 15 हजार रुपये प्रति माह है। साठ वर्ष की उम्र पूरी होने पर उनको तीन हजार रुपये मासिक पेंशन मिलेगी। पात्र अपना पंजीकरण ऑनलाइन सुविधा केंद्रों पर करा सकते हैं। संचालन प्रियंका वर्मा ने किया। इस मौके पर डीएम वीके सिंह, सीडीओ सत्येंद्र कुमार, सहायक श्रमायुक्त केके सिंह, अंकित शर्मा, इंटक नेता सतीश मेहता आदि मौजूद रहे।