लेखपाल पर गलत पैमाइश का आरोप, हंगामा
बरेली। मठ लक्ष्मीपुर में नाले के लिए अवैध कब्जों की गलत पैमाइश का आरोप लगाकर वहां के लोगों ने निगम में नारेबाजी एवं हंगामा किया। बाद में मेयर उमेश गौतम को ज्ञापन सौंपा।
मंगलवार सुबह नगर निगम पहुंचे लोगों ने कहा कि मठ लक्ष्मीपुर में दुर्गा मंदिर से टॉवर की ओर लेखराज की दुकान तक नाला का निर्माण कराया गया है। लोगों का आरोप है कि इससे आगे कुछ लोगों ने नगर निगम की जमीन पर दुकानें बना रखी हैं। नाला बनाने के लिए पैमाइश के दौरान लेखपाल ने उन अवैध कब्जों को बचा दिया है। लोगों ने मेयर से कहा कि वहां की जांच कराकर किसी अन्य टीम से पैमाइश कराई जाए और अवैध कब्जे हटवाए जाएं। मेयर ने लोगों को जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिया है। ज्ञापन देने वालों में वीरपाल, रामविलास, सुनील, प्रमोद, पवन समेत काफी लोग शामिल रहे।