आरयू कप में विवाद, टी-शर्ट उतार कर नाचे छात्र
-छात्रों का भद्दा डांस देखकर छात्राएं मैदान छोड़कर चली गईं
अमर उजाला ब्यूरो
बरेली।
एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय में चल रहे रुहेलखंड कप क्रिकेट प्रतियोगिता में मंगलवार को कंप्यूटर साइंस और मेकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के बीच खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में काफी विवाद हो गया। मेकेनिकल की टीम मैच छोड़कर चली गई। इसके बाद कंप्यूटर साइंस की टीम की जीत पर कुछ शरारती छात्रों ने टी-शर्ट निकालकर स्टेडियम में डांस किया। उस वक्त कुछ छात्राएं भी स्टेडियम में मैच देखने पहुंची। छात्रों का भद्दा डांस देखकर छात्राएं स्टेडियम छोड़कर चली गईं।
दरअसल इन दिनों विश्वविद्यालय कैंपस में इंजीनियरिंग छात्रों के बीच जबरदस्त गुटबाजी चल रही है। मंगलवार को कंप्यूटर साइंस और मेकेनिकल इंजीनियरिंग के बीच सेमीफाइनल मुकाबला था। मेकेनिकल छात्रों का आरोप था कि उनके दो खिलाड़ियों को गलत आउट दिया गया। अंपायर ने दबाव में आकर यह फैसला दिया। नाराज होकर मेकेनिकल की टीम मैदान छोड़कर चली गई। इसके बाद कुछ छात्रों नेे टी-शर्ट निकालकर डांस किया। पटाखे फोड़े। छात्रों ने इसकी शिकायत क्रीड़ा सचिव से भी की। भद्दे डांस की हद तब हो गई जब छात्राओं को मैदान छोड़कर जाना पड़ा। क्रीड़ा सचिव प्रोफेसर एके जेटली ने बताया कि शिकायत मिली है। उसकी जांच कराएंगे।