सीबीगंज। बंडिया गांव में छह खोखानुमा दुकानों में आग लग गई। जिसमें हजारों रुपये का सामान राख हो गया। सूचना पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू किया।
घटना मंगलवार दिन में करीब डेढ़ बजे की है। बंडिया गांव के चौराहे पर कुछ खोखानुमा दुकानें बनी हुई हैं। इसमें गांव निवासी नत्थू की गन्ने के रस और चाय, अमरपाल की कचरी पापड़, जीशान की लस्सी, कोल्डड्रिंक की दुकानें और कुछ अन्य के खाने-पीने के होटल हैं। दोपहर इन दुकानों और होटल में आग लग गई। तेज हवा के साथ आग ने विकराल रूप ले लिया। आग से काफी सामान जलकर राख हो गया। इससे आसपास की दुकानदारों में भी अफरातफरी मच गई। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया। जानकारी मिलने पर फायर ब्रिगेड और पुलिस मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। दुकानदारों ने हजारों रुपये का नुकसान बताया है। ब्यूरो