बरेली। नवाबगंज विधायक केसर सिंह के पीडब्ल्यूडी के अभियंताओं के साथ हुए विवाद के बाद प्रधानमंत्री सड़क योजना के काम ठप हो गए हैं। इंजीनियरों का कहना है कि जब तक यह मामला हल नहीं हो जाता, काम कर पाना मुमकिन नहीं है।
योजना के तहत इन दिनों करीब 16 करोड़ के काम चल रहे हैं, इसमें लाबाखेड़ा से तालिब हुसैन होते हुए मसीत वलीनगर तक 5.75 किमी लंबा मार्ग करीब तीन करोड़ से, बाकरगंज से डौली तक करीब 5 किमी मार्ग करीब 2.50 करोड़ से, उदयपुर से सिनरुआ तक 16 किमी तक करीब 5.30 करोड़ से और मीरगंज से सिंघरा तक 9.6 किमी रोड करीब पांच करोड़ से बन रही है। विधायक से विवाद के बाद इंजीनियरों ने इन कामों का बहिष्कार कर दिया है। इंजीनियरों का कहना है कि मामले में कार्रवाई न होने पर जिलेभर के करोड़ों के कामों को भी बंद कर दिया जाएगा।
तापमान इतना कम था तो क्यों बन रही थी सड़कें
इन दिनों तापमान काफी कम है। इसलिए कोलतार के बजरी के सही से न चिपक पाने से आमतौर पर सड़क का निर्माण नहीं कराया जा रहा है। इसलिए शहर की कई सड़कों के काम बीच में रोक दिए गए है। सवाल यह है कि इतनी ठंड के बावजूद पीएमजीएसवाई की सड़कों का निर्माण क्यों चल रहा था। प्रधानमंत्री सड़क योजना के अधीक्षण अभियंता राजीव स्वामी का कहना है कि सड़कों का काम अभी रोक दिया गया है।