बरेली। सपा पार्षद एक दिसंबर को नगर निगम में धरना देने की तैयारी में हैं। मगर मेयर उमेश गौतम ने इसमें सेंधमारी कर दी है। बुधवार रात उन्होंने कुछ पार्षदों के साथ मीटिंग की तो बृहस्पतिवार को वे पार्टी कार्यालय की मीटिंग में नहीं पहुंचे।
सपा पार्षद दल के नेता राजेश अग्रवाल ने विकास कार्य न होने, सफाई व्यवस्था ध्वस्त और अवैध यूनिपोल को लेकर एक दिसंबर को नगर निगम में धरना प्रदर्शन को लेकर नोटिस दिया है। इसको लेकर बृहस्पतिवार को सपा कार्यालय पर बैठक की गई। इसमें पूर्व जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव एवं पूर्व महानगर अध्यक्ष कदीर अहमद ने कहा कि इस बार पार्षद धरना देंगे और अगली बार पूरी सपा नगर निगम में धरना देगी। इस दौरान कुछ पार्षद मीटिंग में नहीं पहुंचे, जब जानकारी की गई तो पता लगा कि बुधवार रात वे मेयर उमेश गौतम के साथ मीटिंग में थे। बताया जाता है कि मेयर ने उनके वार्डों में विकास कार्य कराने का वादा करते हुए विरोध की राजनीति न करने का संदेश दिया था। परिणामस्वरूप वे लोग मीटिंग में नहीं पहुंचे। राजेश अग्रवाल ने बताया कि धरना की पूरी तैयारी है, एक दिसंबर को सपा के सभी पार्षद निगम में धरना देंगे। बैठक में प्रमोद बिष्ट, दीपक शर्मा, अब्दुल कयूम मुन्ना, शमीम अहमद, नरेश पटेल, यामीन, रेहान अली आदि मौजूद रहे।