नार्दर्न रेलवे ने 93 रेलगाड़ियों के यात्रा समाप्ति (टर्मिनेशन) समय में अस्थायी रूप से संशोधन किया है। इस परिवर्तन से बरेली होकर गुजरने वाली 43 ट्रेनें भी प्रभावित होंगी। यह संशोधन 12 जुलाई से प्रभावी होगा। परिवर्तन के बाद इन रेलगाड़ियों की अग्रिम आरक्षण अवधि (एआरपी) में कोई बदलाव नहीं होगा।
उत्तर रेलवे द्वारा व्यापक स्तर पर संरक्षा तथा ढांचागत मरम्मत के कार्य कराए जा रहे हैं, जिसके फलस्वरूप कई बार रेलगाड़ियों के उनके प्रमुख स्टेशनों पर नियत समय पर पहुंचने में बाधा आ रही है, इससे सबसे ज्यादा परेशानी उन यात्रियों को हो रही है जो रेलगाड़ियों के निश्चित आगमन समय के अनुसार अपनी आगे की यात्रा तय करके चलते हैं। रेलवे ने ऐसे आगामी यात्रा करने वाले यात्रियों से 12 जुलाई से 15 मिनट से एक घंटा का अतिरिक्त समय लेकर यात्रा करने को कहा है, ताकि उनकी अगली ट्रेन छूट न पाए।
रेलवे के उच्चपदस्थ सूत्रों के मुताबिक यह बदलाव पूरी तरह से अस्थायी है। रेलगाड़ियों के समय में किया जा रहा परिवर्तन उनकी यात्रा के अंतिम चरण में किया गया है। इस परिवर्तन से न तो रेलगाड़ियों के प्रस्थान समय में कोई परिवर्तन होगा और न ही उनकी सुपरफास्ट प्रकृति किसी भी रूप से प्रभावित होगी।
रेलवे द्वारा जारी इस नए संशोधन के मुताबिक प्रयाग बरेली एक्सप्रेस (14307) अब 10:55 के बजाय 11:40 बजे, वाराणसी बरेली एक्स (14235) अब 14:20 के बजाय 15.05 बजे, त्रिवेणी एक्स (14369) 12.40 के बजाय 13 बजे, नई दिल्ली-बरेली इंटरसिटी एक्स (14316) 21:50 के बजाय 22:10 बजे, भुज बरेली वाया अहमदाबाद (14312) 20:35 के बजाय 21:20 बजे, भुज बरेली वाया गांधीधाम (14322) 20:35 के बजाय 21:20 बजे, इंदौर-बरेली एक्स (14319) 15:30 बजे के बजाय 15:50 बजे पहुंचेगी। इसके अलावा बरेली से होकर जाने वाली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस (14257) 45 मिनट, लखनऊ नई दिल्ली एसी सुपर फास्ट एक्स (12429) 30 मिनट, बरेली नई दिल्ली इंटरसिटी एक्स (14315) 15 मिनट देरी से नई दिल्ली पहुंचेगी। बरेली से होकर जाने वाली फैजाबाद दिल्ली एक्स (14205) 45 मिनट, पद्मावत एक्स 30 मिनट देरी से दिल्ली पहुंचेगी। बरेली से होकर जाने वाली लखनऊ आनंद विहार डबल डेकर एसी स्पेशल (12583) 20 मिनट देरी से आनंद विहार पहुंचेगी। नौचंदी एक्स (14511) सहारनपुर एक घंटा देरी से 12:55 बजे पहुंचेगी। इसके अलावा बरेली से होकर जाने वाली हावड़ा अमृतसर मेल (13005), सरयू यमुना एक्स (14649), शहीद एक्स (14673) और जलियांवाला बाग एक्स (18103) 20 मिनट की देरी से अमृतसर पहुंचेगी। सियालदह एक्स (13151) जम्मू तवी और अंत्योदय एक्स (22551) जालंधर सिटी 20 मिनट देरी से पहुंचेगी। इसके अलावा बरेली होते हुए देहरादून, हरिद्वार, प्रयाग, इलाहाबाद पहुंचने वाली सभी ट्रेनें 20 से 45 मिनट देरी से पहुंचेंगी।