बरेली। लोकसभा चुनाव की नामांकन प्रक्रिया के तीसरे दिन शनिवार को बरेली सीट से चार और आंवला से सात प्रत्याशी फार्म लेकर गए, जबकि आंवला सीट से राष्ट्रीय मजदूर एकता पार्टी की तरफ से प्रीति कश्यप ने पर्चा दाखिल किया।
शनिवार को भी कलक्ट्रेट में बरेली और आंवला सीट के लिए नामांकन पत्र खरीदने और जमा करने का काम हुआ। बरेली सीट के लिए भारतीय कृषक दल से सिद्घार्थ नगर निवासी अशोक कुमार, समाजवादी सेक्युलर पार्टी से हरूनगला निवासी रईस मियां और निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर सुभाषनगर के ओमप्रकाश, और कांकर टोला के राकेश बाबू कश्यप ने पर्चा लिया। इस सीट के लिए मोहल्ला रेती किला के सैयद राशिद अली तीन बजे आरओ रूम में नामांकन कराने के लिए पहुंचे लेकिन एआरओ सिटी मजिस्ट्रेट संजय कुमार ने समय पूरा हो जाने की बात कहते हुए उनका पर्चा लेने से इंकार कर दिया। उन्हें अगले कार्य दिवस में आने को कहा गया। इसी तरह आंवला सीट के लिए कांग्रेस से बुधौली फरीदपुर के सर्वराज सिंह, भारतीय कृषक दल से सेलमपुर खुर्द तिलहर के प्रमोद कुमार यादव, बसपा से अमीपुर डांस उर्फ धर्मनगरी बिजनौर की रूचि वीरा, भारतीय भाईचारा पार्टी से रूपापुर बदायूं के नरेंद्र कुमार, जनसेवा सहायक पार्टी से अशोक प्रताप सिंह और निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर अमीपुर डांस उर्फ धर्मनगरी के उदयन वीरा, नगरिया विक्रम फरीदपुर के ऋषिपाल सक्सेना भोजवाल ने आरओ रूम से नामांकन पत्र लिए।