डीएम राघवेंद्र विक्रम सिंह ने विभिन्न संगठनों और समाजसेवियों के सुझाव लेकर स्वतंत्रता दिवस को उत्साह, उमंग व हर्षोल्लास से मनाये जाने को रूपरेखा तय की। तय हुआ कि पूर्व संध्या से ही शहर के सरकारी और निजी वाहनों को रोशनी से जगमग किया जाएगा। एक दिन पहले ही महापुरुषों की प्रतिभाओं के आसपास, बस स्टेशन और चौराहों पर विशेष सफाई की जाएगी।
कलक्ट्रेट सभागार में डीएम के साथ हुई विभिन्न संगठनों और समाजसेवियों की बैठक में तय हुआ कि 15 अगस्त को सुबह छह बजे स्कूली बच्चे प्रभातफेरी निकालेंगे। इसके बाद सुबह सात बजे 10 साल से कम उम्र के लड़के और लड़कियों की अलग-अलग दौड़ कराई जाएगी। सुबह आठ बजे समस्त सरकारी, गैर सरकारी शिक्षण संस्थाओं और प्रतिष्ठानों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराएगा। कलक्ट्रेट में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का सम्मान किया जाएगा। नौ बजे स्कूलों में खेलकूद एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। इसके बाद अमर शहीद खान बहादुर खान की मजार पर चादर पोशी होगी और कमिश्नरी स्थित शहीद स्थल पर शहीदों को श्रृद्धांजलि दी जाएगी।
दिन में दस बजे थाना किला से राष्ट्रभक्ति एवं सद्भावना रैली निकलेगी तथा सामूहिक गीत कार्यक्रम होंगे। दिन में सांस्कृतिक कार्यक्रम किए जाएंगे। जिला पंचायत के सभागार में स्वतंत्रता आंदोलन साक्षरता, मतदाता जागरूकता, नशा उन्मूलन, एड्स जागरूकता आदि विषयक चित्रकला प्रदर्शनी लगेगी। स्वतंत्रता दिवस पर नारी निकेतन राजकीय किशोर सम्प्रेक्षण गृह, मानसिक चिकित्सालय, सेन्ट्रल एवं जिला जेल, कुष्ठ आश्रम, चिकित्सालय और अनाथालय आदि में फल और मिष्ठान वितरण किया जायेगा।
स्टेडियम में फुटबाल मैच होगा। अपरान्ह रूट मार्च व झांकियां निकाली जायेगी जो बरेली कालेज से प्रारम्भ होकर जीआईसी पर पहुंचेगी। शाम जिला पंचायत सभागार में अनेकता पर एकता विषयक रंगारंग कार्यक्त्रस्म होंगे। बैठक में विभिन्न कार्यक्त्रस्मों के लिये अलग-अलग संयोजक आयोजक बनाये गये हैं।