बरेली। विवादों में उलझे नगर निगम ने अमृत योजना के तहत चल रहे पार्कों के सौंदर्यीकरण का काम भी चौपट कर रखा है। इसके अलावा शहर की सफाई व्यवस्था भी बेहतर नहीं है। निरीक्षण को पहुंचे नगर निकाय के अपर निदेशक ने इन्हें दुरुस्त करने के निर्देश दिए, साथ नगरीय निकायों के अध्यक्षों से मीटिंग कर सात बिंदुओं पर समीक्षा की।
शहर में अमृत योजना के तहत अक्षर विहार, गांधी उद्यान और सीआई पार्क का सौंदर्यीकरण होना है, लेकिन तीन महीने से यह काम बंद पड़ा है। नगर निकाय के अपर निदेशक एके गुप्ता ने इस पर नाराजगी जताई तो बताया कि बजट रुका हुआ था अब मिल गया है, काम जल्दी ही शुरू हो जाएगा। इसके अलावा शहर की सफाई व्यवस्था पर भी उन्होंने संतुष्टि नहीं जताई तो बताया कि डोर-टू-डोर के लिए टेंडर किए जा रहे हैं। जल्दी ही यह व्यवस्था भी ठीक हो जाएगी। इसके बाद नगर निगम में उन्होंने जिले भर के नगरीय निकायों के अधिकारियों के साथ बैठक की। यहां पर उन्होंने निकायों में कर्मचारियों की उपलब्धता, योजनावार आय-व्यय, सफाई व्यवस्था, पार्क की देखरेख, पौधरोपण और गड्ढा मुक्त सड़कों की समीक्षा की। कहा गया कि बरसात के दौरान सड़क के गड्ढों पर ध्यान दिया जाए। बैठक के बाद वह फरीदपुर और बहेड़ी नगर पालिका में भी निरीक्षण को पहुंचे। इस दौरान निगम के पर्यावरण अभियंता प्रधान भी मौजूद रहे।