25 जून को पौन घंटे की झमाझम बारिश के बाद वातावरण में उमस और गर्मी बढ़ गई है। इससे एक बार फिर बारिश होने का अनुमान है। मौसम वैज्ञानिकों ने आगामी तीन दिन बादल छाए रहने के अलावा बूंदाबांदी या हल्की मध्यम बारिश की संभावना व्यक्त की है। 30 जून से दो जुलाई के बीच मूसलाधार बारिश की भविष्यवाणी की गई है।
बुधवार को अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक था। दिन में बादल छाए रहे। धूप की तीव्रता कम थी। लेकिन आद्रता 76 फीसदी से अधिक होने से वातावरण में उमस और गर्मी महसूस की गई। दोपहर बाद तो उमस और भी बढ़ गई। शाम को ठंडी हवा चलने के बाद ही लोगों को राहत मिली। न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस था, जो कि सामान्य था।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. एचएस कुशवाहा ने बताया कि जून के आखिरी हफ्ते में प्री-मानसून बारिश हो सकती है। इस हफ्ते बादल छाए रहेंगे। धूप की तीव्रता कम रहेगी, लेकिन उमस बढ़ेगी। इसके चलते कहीं बूंदाबांदी तो कहीं हल्की मध्यम बारिश हो सकती है। 30 जून के बाद तेज बारिश का अनुमान है।